गोमिया। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और दो लोगों की मौत के बाद आखिरकार पुलिस-प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को गोमिया के आई.ई.एल थाना क्षेत्र स्थित पिट्स मॉडर्न स्कूल के समीप सड़क पर बने दोनों हंप को जेसीबी मशीन की मदद से हटवा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से ग्रामीण और राहगीर इन हंपों को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए इन्हें हटाने की मांग कर रहे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने ये हंप निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे। विशेषकर रात के समय या तेज गति से आने वाले वाहन चालकों को हंप का समय पर अंदाजा नहीं लग पाता था, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाती थी। हंप के पास पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर या अन्य सड़क सुरक्षा संकेतक भी नहीं लगाए गए थे।

एक माह में दो लोगों की गई जान
बीते एक माह के भीतर इसी स्थान पर हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था। लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।
पहली दुर्घटना: 19 जून को युवक की हुई थी मौत
पहली घटना 19 जून, शुक्रवार की अलसुबह हुई थी। आई.ई.एल थाना क्षेत्र के पिट्स मॉडर्न स्कूल के समीप सड़क पर बने हंप के पास मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के करंज मोड़ निवासी संतोष कुमार बर्णवाल उर्फ सोनू (39 वर्ष) की मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार संतोष कुमार किसी जरूरी कार्य से मोटरसाइकिल पर सवार होकर गोमिया आ रहे थे। पिट्स स्कूल के पास बने हंप के निकट उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया गया कि वाहन की गति अपेक्षाकृत तेज थी और चालक हंप का सही अंदाजा नहीं लगा सका, जिससे बाइक उछल गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

दूसरी दुर्घटना: नातिन की शादी में शामिल होने आ रही नानी की दर्दनाक मौत
दूसरी और अत्यंत हृदयविदारक घटना 7 जुलाई, मंगलवार को हुई। सरिया से अपनी नातिन की शादी में शामिल होने गोमिया आ रही कुंती देवी की इसी हंप पर हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कुंती देवी अपने पति महादेव प्रसाद सोनी के साथ मोटरसाइकिल से गोमिया के खुदगड्डा बस्ती जा रही थीं। वहां उनकी नातिन प्रिया कुमारी की शादी होनी थी तथा मंगलवार को लगन समारोह आयोजित था। परिवार की खुशियों में शामिल होने निकले दंपती को यह अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में एक दर्दनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिट्स मॉडर्न स्कूल के पास बने हंप पर बाइक असंतुलित हो गई। दुर्घटना में कुंती देवी सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर में गंभीर चोट लगी। अधिक रक्तस्राव होने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घायल महादेव प्रसाद सोनी को भी चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल गोमिया के निजी अस्पताल आर्डियर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कुंती देवी को अस्पताल पहुंचने से पूर्व मृत घोषित कर दिया।
लोगों की मांग के बाद हरकत में आया प्रशासन
लगातार दो जानलेवा हादसों के बाद स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राहगीरों ने प्रशासन से हंप हटाने अथवा मानकों के अनुरूप पुनर्निर्माण की मांग की थी। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो शायद दो परिवारों को अपनों को नहीं खोना पड़ता।
जनभावनाओं और सड़क सुरक्षा को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से दोनों हंपों को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहे और प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया।
अब सड़क सुरक्षा के स्थायी उपाय की मांग
हंप हटने के बाद लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जहां भी आवश्यकता हो वहां वैज्ञानिक तरीके से स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, उनके पहले पर्याप्त दूरी पर चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, कैट्स-आई और संकेतक लगाए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्थानीय लोगों का मानना है कि समय पर उठाया गया यह कदम भविष्य में कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

















