पीड़िता के बयान के आधार पर दर्ज हुआ केस, सुन्दरी मोहल्ला निवासी 21 वर्षीय नामजद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

गोमिया। बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड अंतर्गत चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के दौरान मेला देखने ननिहाल आई नाबालिग किशोरी के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी अमर रजा (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी सुन्दरी मोहल्ला का निवासी बताया जा रहा है। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाबालिग किशोरी दुर्गा पूजा के अवसर पर मेला देखने अपने ननिहाल आई थी। इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा उसे बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल से अपने साथ ले जाने और उसके साथ गलत हरकत किए जाने का आरोप सामने आया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने कुछ युवकों को पकड़ लिया था। इसके बाद चतरोचट्टी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया और किशोरी सहित संबंधित युवकों को अपने साथ थाने ले गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान नामजद प्राथमिकी अभियुक्त अमर रजा को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।
छापेमारी अभियान चलाकर हुई गिरफ्तारी
चतरोचट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट के तहत छेड़छाड़ आदि सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले के प्राथमिकी अभियुक्त अमर रजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान में पुअनि अनूप रंजन बाखला, सअनि महेश कुमार शर्मा, गंगाराम बानरा, शिवनंदन हांसदा, सुभद्रा कुमारी और नगेन्द्र महतो शामिल थे। पुलिस टीम के प्रयास से नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की बात सामने आई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। पुलिस की आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद मामले के अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें👇
Gomia: मेला देखने आई नाबालिग किशोरी से दुष्कृत्य, पुलिस जांच में जुटी👇
https://khabarlink.in/gomia-minor-girl-visiting-maternal-grandparents-home-for-a-fair-subjected-to-sexual-assault-police-investigation-underway/















