गोमिया (बोकारो): गोमिया-कथारा मुख्य सड़क स्थित पुराने सिनेमा हॉल के समीप संचालित मां शारदे एजुकेशन एंड चेरिटेबल ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित “गुरूकुल” शिक्षण संस्थान में सोमवार को विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक लाइब्रेरी एवं सेल्फ स्टडी पॉइंट का विधिवत शुभारंभ किया गया। संस्थान के प्रेसिडेंट गौतम शर्मा एवं सेक्रेटरी टिंकू शर्मा ने फीता काटकर और विधिवत उद्घाटन कर इस नई सुविधा का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगार योग्य बनाने का सशक्त साधन है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए शांत एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लाइब्रेरी और सेल्फ स्टडी पॉइंट की शुरुआत की गई है, ताकि छात्र-छात्राएं नियमित अध्ययन कर प्रतियोगी परीक्षाओं एवं तकनीकी शिक्षा की बेहतर तैयारी कर सकें।
प्रेसिडेंट गौतम शर्मा ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में संस्थान में गरीब एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) के माध्यम से अत्यंत कम शुल्क पर फीटर एवं इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की तकनीकी शिक्षा प्रदान की जा रही है, जिससे वे प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकें।
वहीं सेक्रेटरी टिंकू शर्मा ने बताया कि बदलते समय के साथ तकनीकी शिक्षा की आवश्यकता को देखते हुए संस्थान में जल्द ही डिजिटल एजुकेशन सिस्टम एवं ऑनलाइन क्लासेस की भी शुरुआत की जाएगी। इसके लिए आवश्यक संसाधनों की तैयारी की जा रही है, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को महानगरों जैसी आधुनिक शिक्षा सुविधाएं गोमिया में ही उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक शिक्षण व्यवस्था, बेहतर अध्ययन सामग्री, डिजिटल संसाधन और कैरियर मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराना है। आने वाले दिनों में विभिन्न रोजगारपरक एवं कौशल विकास से जुड़े नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लाइब्रेरी और सेल्फ स्टडी पॉइंट जैसी सुविधाएं क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी साबित होंगी तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। संस्थान प्रबंधन ने सभी छात्र-छात्राओं से उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारने का आह्वान किया। मौके पर पूजा कुमारी, सुमित कुमार, विकास कुमार शर्मा, मनीष कुमार, गणेश कुमार आदि मौजूद रहे।














