गोमिया। गोमिया बैंक मोड़ स्थित डोली पैलेस के कमरा नंबर 106 में रविवार को कई दिनों से बंद एक व्यक्ति का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कमरे से तेज दुर्गंध आने की सूचना पर आईईएल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मकान मालिक की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर पुलिस वर्दी पहने एक व्यक्ति का शव मिला। शव काफी खराब अवस्था में था और शरीर काला पड़ चुका था।

मृतक की पहचान प्रथम दृष्टया कमरे के किराएदार सुभाष अशोक धूमल (44) के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल ने बताया कि पुलिस शव की शिनाख्त की प्रक्रिया में जुटी हुई है और पहचान की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। मृतक के पास से क्राइम प्रिवेंशन इन्वेस्टीगेशन काउंसिल का एक आईडी कार्ड भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस इस आईडी कार्ड समेत कमरे से मिले अन्य सामानों की भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मृतक मूल रूप से चिंचनेर, सतारा, महाराष्ट्र का रहने वाला बताया जा रहा है। वह डोली पैलेस में किराए के कमरे में रह रहा था। मकान मालिक सत्यनारायण प्रसाद के अनुसार, उक्त व्यक्ति ने स्वयं को मेजर बताते हुए गत 22 फरवरी को उनके अपार्टमेंट में कमरा किराए पर लिया था। वह पिछले कई महीनों से इसी कमरे में रह रहा था।

मकान मालिक ने बताया कि 3-4 अगस्त को किराया लेने को लेकर मृतक से बातचीत भी हुई थी। इसके बाद वह कमरे में ही था। रविवार की सुबह अपार्टमेंट के चौकीदार ने मकान मालिक को सूचना दी कि कमरा नंबर 106 से काफी तेज दुर्गंध आ रही है। इसके बाद सत्यनारायण प्रसाद ने मामले की सूचना आईईएल थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही आईईएल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी दुर्गंध आने के कारण पुलिस ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। कमरे के अंदर व्यक्ति का शव पड़ा मिला। पुलिस वर्दी में शव मिलने के कारण मामले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत कई दिन पहले हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और समय का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि, उसके महाराष्ट्र स्थित परिजनों से संपर्क, कमरे में मिले दस्तावेजों एवं आईडी कार्ड की सत्यता तथा उसके यहां रहने के उद्देश्य समेत विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मृतक वास्तव में पुलिस या सेना से जुड़ा था अथवा किसी अन्य संस्था से संबंधित था।
आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल ने कहा कि शव की शिनाख्त की जा रही है और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

















