गोमिया में बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत, पेयजल उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो के निर्देश पर मुखिया राम वृक्ष मुर्मू ने किया ट्रांसफार्मर का उद्घाटन

गोमिया। गोमिया प्रखंड के सियारी पंचायत अंतर्गत गोसे सिंह टोला में पिछले करीब 10 दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को सोमवार को बड़ी राहत मिली। सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री सह गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद महतो के निर्देश पर गांव में 63 केवीए क्षमता के नए विद्युत ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन किया गया।
सियारी पंचायत के मुखिया राम वृक्ष मुर्मू ने फीता काटकर नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर चालू होते ही गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई और लंबे समय से अंधेरे में रह रहे ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई से लेकर रोजमर्रा के कामकाज तक प्रभावित हो रहे थे। नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद बिजली बहाल होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इस अवसर पर मुखिया राम वृक्ष मुर्मू ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नए ट्रांसफार्मर की व्यवस्था कराने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा सुचारू रूप से मिलना ग्रामीणों का अधिकार है और पंचायत स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
वहीं ग्रामीणों ने बिजली संकट दूर होने पर पेयजल मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो के प्रयास की सराहना की। ग्रामीणों ने मुखिया राम वृक्ष मुर्मू के प्रति भी आभार जताते हुए कहा कि उनकी पहल से गांव की महत्वपूर्ण समस्या का समाधान हुआ है।
ट्रांसफार्मर उद्घाटन के मौके पर उपमुखिया बाबू चंद मांझी, तेजनारायण महतो, पुरान सिंह, संतोष सिंह, अशोक सिंह, सोखा सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
मुख्य बिंदु
- गोसे सिंह टोला में लगा 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर
- करीब 10 दिनों से बंद थी बिजली आपूर्ति
- मुखिया राम वृक्ष मुर्मू ने किया विधिवत उद्घाटन
- बिजली बहाल होते ही ग्रामीणों में छाई खुशी
- ग्रामीणों ने मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो और मुखिया के प्रति जताया आभार














