• Home
  • Accident
  • Gomia: जमनीजारा में हाईवा की टक्कर से महिला की मौत, बच्ची गंभीर; मुआवजे की मांग पर गझंडी मोड़ जाम

Gomia: जमनीजारा में हाईवा की टक्कर से महिला की मौत, बच्ची गंभीर; मुआवजे की मांग पर गझंडी मोड़ जाम

गोमिया-विष्णुगढ़ सड़क हादसा: गोमिया-विष्णुगढ़ मुख्य सड़क स्थित जमनीजारा में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे एवं कार्रवाई की मांग को लेकर गझंडी मोड़ को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण गोमिया-विष्णुगढ़ मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

Gomia

मृतका की पहचान कर्री खुर्द पंचायत के कर्री गांव निवासी दुमरचंद प्रजापति की पत्नी फागुनी देवी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सीमा कुमारी, जरकुंडा निवासी बिनोद महतो की पुत्री को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है।

सवारी गाड़ी को हाईवा ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, फागुनी देवी और सीमा कुमारी एक सवारी गाड़ी में सवार होकर कुलगो जा रही थीं। इसी दौरान गोमिया-विष्णुगढ़ मुख्य सड़क के जमनीजारा के समीप विपरीत दिशा से आ रहे हाईवा ने सवारी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए विष्णुगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद फागुनी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सीमा कुमारी की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

Truck

हादसे के बाद हाईवा लेकर भागा चालक, ग्रामीणों ने पकड़ा

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल उसका पीछा किया और ग्रामीणों के सहयोग से हाईवा को पकड़ लिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

इधर, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी मुआवजा और कार्रवाई को लेकर ठोस पहल नहीं होने से मृतका के परिजनों एवं ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद कर्री खुर्द पंचायत के मुखिया सोनाराम मुर्मू और जेएलकेएम नेत्री पूजा कुमारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गझंडी मोड़ जाम कर दिया।

आठ घंटे बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप

कर्री खुर्द पंचायत के मुखिया सोनाराम मुर्मू ने आरोप लगाया कि महिला को टक्कर मारने के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया था, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बावजूद घटना के करीब आठ घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अधिकारी न तो वाहन मालिक को बुला सके हैं और न ही शोक संतप्त परिवार को यथासंभव सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से अपेक्षित पहल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

मुखिया ने बताया कि मृतका फागुनी देवी के पति डुमरचंद प्रजापति महाराष्ट्र में प्रवासी मजदूर के रूप में काम करते हैं। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है और वह महाराष्ट्र से अपने घर लौट रहे हैं।

Body

मुआवजा और कार्रवाई की मांग पर अड़े ग्रामीण

जेएलकेएम नेत्री पूजा कुमारी ने कहा कि पुलिस की शिथिलता के कारण ग्रामीणों को सड़क जाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और दोषी के खिलाफ सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा नहीं दिया जाता, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा देने, घायल सीमा कुमारी के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराने तथा हादसे के लिए जिम्मेदार हाईवा चालक एवं वाहन मालिक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने जाम हटाने का किया प्रयास

सड़क जाम की सूचना मिलने पर विष्णुगढ़ के सब इंस्पेक्टर सह प्रभारी थाना प्रभारी दशरथ महतो, एसआई चंदन सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों से लगातार वार्ता कर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे और जाम यथावत था।

गोमिया-विष्णुगढ़ मुख्य सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौके पर मौजीलाल महतो, अर्जुन मांझी, कौशल कुमार महतो, बबन सिंह, दुलारचंद महतो, नागेश्वर महतो, भुनेश्वर महतो, ओम प्रकाश महतो, सुरेंद्र महतो सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।

जमनीजारा सड़क दुर्घटना, हाईवा की टक्कर, फागुनी देवी की मौत, गझंडी मोड़ जाम, गोमिया सड़क हादसा, विष्णुगढ़ सड़क दुर्घटना

Releated Posts

Gomia: गोमिया के प्रवासी मजदूर की मध्य प्रदेश में मौत, घर में मचा कोहराम

आठ दिन पहले रोजगार की तलाश में गया था बैतूल, पत्नी गर्भवती, तीन बच्चों की जिम्मेदारी अब अकेली…

ByByadmin सितम्बर 2, 2026

Gomia: साड़म संकट मोचन मंदिर परिसर में पीपल के पेड़ पर वज्रपात, बाल-बाल बचे लोग

बारिश से बचने के लिए मंदिर परिसर में खड़े थे लोग, तेज आवाज के साथ गिरी बिजली; पेड़…

ByByadmin अगस्त 30, 2026

Gomia: गोमिया-होसिर मुख्य सड़क पर बड़ा हादसा टला, सीमेंट लदा ट्रक खेत में पलटा, चालक व उपचालक मौके से फरार, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

गोमिया। गोमिया-होसिर मुख्य सड़क पर रविवार को प्लस टू उच्च विद्यालय गोमिया के समीप उस समय बड़ा हादसा…

ByByadmin अगस्त 30, 2026

Gomia: सर्पदंश से 25 वर्षीय महिला की मौत, जलावन निकालने के दौरान जहरीले सांप ने काटा

गोमिया। गोमिया प्रखंड क्षेत्र में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना में 25 वर्षीय महिला की मौत हो गई।…

ByByadmin अगस्त 23, 2026

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top