• Home
  • Crime
  • Gomia: चतरोचट्टी में चोरों का आतंक: तीन बंद घरों में लाखों की चोरी, पेजुआ में भी दिनदहाड़े ठगी

Gomia: चतरोचट्टी में चोरों का आतंक: तीन बंद घरों में लाखों की चोरी, पेजुआ में भी दिनदहाड़े ठगी

गोमिया। गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार की रात चोरों ने चिपरी गांव में एक साथ तीन बंद घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, इसी दिन लोधी पंचायत के पेजुआ गांव में भी दो बाइक सवार उचक्कों ने गैस कनेक्शन की केवाईसी कराने के नाम पर एक घर में प्रवेश कर चांदी के कई जेवरात चोरी कर लिए। लगातार सामने आ रही चोरी और ठगी की घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

Chipri

चिपरी में एक ही रात तीन बंद घरों में चोरी

जानकारी के अनुसार, चतरोचट्टी थाना अंतर्गत चिपरी गांव में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने उन घरों को निशाना बनाया, जिनमें उस समय कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने घरों में प्रवेश कर सामान खंगाला और कीमती जेवरात तथा नकदी लेकर फरार हो गए।

ग्रामीणों के अनुसार, चिपरी निवासी विशेश्वर सिंह के घर में चोरों ने सबसे बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। बताया गया कि घर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य कीमती सामान के अलावा 2 लाख 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य रांची से चिपरी पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

Chipri

इसी रात चोरों ने चंद्रदेव सिंह और मालती देवी सिंह के घर को भी निशाना बनाया। दोनों घरों में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि, इन दोनों घरों से कितने मूल्य के सामान अथवा नकदी की चोरी हुई है, इसका स्पष्ट आकलन अभी नहीं हो सका है।

शादी के बाद मिले जेवरात भी ले गए चोर

विशेश्वर सिंह के पुत्र विक्रम कुमार सिंह ने बताया कि उनके पिता प्रवासी मजदूर हैं और महाराष्ट्र में रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि उनका विवाह अप्रैल 2025 में हुआ था। विवाह के दौरान ससुराल पक्ष की ओर से उपहार स्वरूप काफी मात्रा में जेवरात दिए गए थे। इसके अलावा दोस्तों और रिश्तेदारों की ओर से भी सोने-चांदी के आभूषण एवं महंगे उपहार मिले थे।

Chipri

विवाह के बाद विक्रम कुमार सिंह अपनी पत्नी के साथ रांची में रहने लगे, जबकि उनकी मां गांव स्थित घर में रहती थीं। बताया गया कि उनकी नानी की तबीयत खराब होने के कारण उनकी मां भी कुछ दिनों के लिए बोकारो गई हुई थीं। घर में किसी के नहीं रहने की जानकारी का फायदा उठाते हुए चोरों ने रात में घर को निशाना बनाया।

विक्रम के अनुसार, चोर घर से सोने की चेन, अंगूठी, कानबाली, टॉप्स, नाक की नथ/आभूषण, मांगटीका सहित चांदी के कमरबंध, चेन, अंगूठियां, सिक्के और अन्य जेवरात लेकर फरार हो गए। ग्रामीणों से चोरी की जानकारी मिलने के बाद वह रांची से चिपरी पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी।

विक्रम ने बताया कि चोरों ने केवल उनके घर को ही निशाना नहीं बनाया, बल्कि उसी रात गांव के दो अन्य घरों में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी बताया कि गांव के अगरिया परिवारों के दो घरों को भी चोरों द्वारा निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।

Chipri

एक ही रात में तीन घरों में चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

एक ही रात में तीन घरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में पुलिस की रात्रि गश्त और गांवों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बंद घरों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है तो इससे यह आशंका बढ़ती है कि चोर गिरोह क्षेत्र में सक्रिय है और पहले से रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, घटनास्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने तथा चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पेजुआ में केवाईसी के नाम पर घर में घुसे उचक्के

इधर, चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के ही लोधी पंचायत अंतर्गत पेजुआ गांव में बुधवार दोपहर ठगी और चोरी का एक अलग मामला सामने आया। यहां दो बाइक सवार उचक्कों ने वृद्ध नारायण महतो के घर को निशाना बनाया।

बताया जाता है कि घटना के समय नारायण महतो की नातिन घर में अकेली थी। इसी दौरान दो युवक बाइक से उसके घर पहुंचे और स्वयं को गैस कनेक्शन की केवाईसी कराने वाला बताते हुए किशोरी से आधार कार्ड मांगने लगे।

किशोरी जब आधार कार्ड लेने के लिए घर के अंदर गई तो बताया जाता है कि बाइक सवार युवकों में से एक उसके पीछे-पीछे घर के अंदर प्रवेश कर गया। आरोप है कि उसने किशोरी को बातचीत एवं अन्य कार्यों में उलझाए रखा। इसी दौरान दूसरे व्यक्ति ने घर में रखे बक्से से चांदी के कई जेवरात निकाल लिए और दोनों बाइक से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों में चर्चा तेज हो गई। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक नारायण महतो की ओर से इस घटना की सूचना चतरोचट्टी थाना पुलिस को नहीं दिए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग

चिपरी में एक ही रात में तीन घरों में चोरी और पेजुआ में दिनदहाड़े केवाईसी के नाम पर घर में प्रवेश कर जेवरात चोरी किए जाने की घटना से क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में अपरिचित लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ पुलिस को नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने की जरूरत है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चिपरी में हुई चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच, संदिग्ध लोगों की पहचान, चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही पूर्व में क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की जांच में तेजी लाने की भी मांग की गई है।

चतरोचट्टी पंचायत के मुखिया महादेव महतो ने कहा है कि लगातार चोरी की घटनाओं के कारण ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। खासकर ऐसे परिवार, जिनके सदस्य रोजगार अथवा अन्य कारणों से बाहर रहते हैं, अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांवों में पुलिस गश्त मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लगाई जा सके।

गोमिया चोरी की खबर, चतरोचट्टी चोरी, चिपरी गांव चोरी, Gomia Crime News, Chatrochatti Theft, पेजुआ चोरी, गोमिया क्राइम न्यूज, बोकारो चोरी की घटना

Releated Posts

Gomia: रहावन से लापता महिला रांची से बरामद, आरोपित देवर सत्येन्द्र महतो गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

पति की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई गोमिया।…

ByByadmin अक्टूबर 16, 2026

Bokaro: बेरमो अनुमंडल में पुलिस का समकालीन अभियान, 14 वारंटी गिरफ्तार, 19 वारंटों का निष्पादन

48 छापामारी दलों में 159 पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल, 99 स्थानों पर की गई छापेमारी बोकारो। बोकारो…

ByByadmin अक्टूबर 14, 2026

Gomia: स्कूल से घर लौट रही नौवीं की छात्रा को 4-5 युवकों ने पीटा, गंभीर रूप से घायल

चतरोचट्टी थाना के पीछे बाइपास रोड पर हुई घटना, छात्रा ने ससुराल पक्ष पर जताया संदेह; पुलिस जांच…

ByByadmin अक्टूबर 13, 2026

Gomia: दुर्गापूजा में मिठाइयों की गुणवत्ता पर उठे सवाल, गोमिया में खाद्य सुरक्षा जांच की मांग

मिलावटी मिठाइयों और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने की जरूरत, त्योहार के दौरान विभागीय सक्रियता…

ByByadmin अक्टूबर 13, 2026

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top