गोमिया: कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम के तहत शुक्रवार को गोमिया थाना पुलिस द्वारा स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय, गोमिया में तो आईईएल थाना पुलिस द्वारा मध्य विद्यालय ससबेड़ा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गोमिया थाना के सहायक अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार ने स्कूली छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों की जानकारी दी।

वहीं आईईएल थाना के एएसआई शशि भूषण कुजूर ने इस दौरान बच्चों को डायल 112 एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के महत्व के बारे में बताते हुए किसी भी आपात स्थिति या साइबर ठगी की घटना होने पर तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की। साथ ही बिनोद यादव ने पॉक्सो एक्ट, साइबर फ्रॉड से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा ट्रैफिक नियमों एवं रोड सेफ्टी के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।

उपस्थित समाजसेवी पिंटू पासवान ने कहा कि जागरूकता ही अपराध से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने छात्रों से सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने तथा ऑनलाइन किसी अनजान लिंक या कॉल से सतर्क रहने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।














