गोमिया (बोकारो): गोमिया प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) से जुड़े 14 संकुल संसाधन केंद्र (CRC) में वित्तीय वर्ष 2025-26 के CRC Grant की राशि से सामग्री की आपूर्ति नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, बोकारो को दिनांक 15 सितंबर 2026 को आवेदन देकर मामले की जांच कराने तथा संबंधित CRC को सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गोमिया प्रखंड के कुल 14 संकुलों के लिए CRC Grant की राशि से सामग्री खरीदने के उद्देश्य से Shipra Enterprises, Chas को Vendor बनाया गया। आवेदनकर्ता के अनुसार, प्रत्येक CRC के लिए निर्धारित कुल ₹13,000 की राशि का भुगतान मार्च 2026 में ही Shipra Enterprises के खाते में किया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी भी CRC में संबंधित सामग्री की आपूर्ति नहीं की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि सामग्री आपूर्ति को लेकर Shipra Enterprises से बार-बार फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन कथित तौर पर हर बार आज-कल कहकर मामले को टाल दिया गया। वहीं, जब इस संबंध में गोमिया BRC के लेखापाल अविनाश कुमार सिंह से बातचीत की गई तो आवेदन में उनके द्वारा आक्रोशित होकर कथित रूप से अनाप-शनाप बातें करने का आरोप लगाया गया है।
आवेदनकर्ता के मुताबिक, Vendor Shipra Enterprises से दोबारा संपर्क करने पर कथित रूप से जवाब दिया गया कि सभी प्रकार की राशि लेखापाल को दे दी गई है और इस संबंध में उन्हीं से बात की जाए। इससे मामले को लेकर CRC स्तर पर कार्यरत कर्मियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। आवेदन में कहा गया है कि एक ओर Vendor सामग्री आपूर्ति नहीं कर रहा है, वहीं दूसरी ओर संबंधित लेखापाल और Vendor की ओर से मामले में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।

निर्धारित Voucher को लेकर भी उठाए गए सवाल
आवेदन में CRC Grant के Voucher को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि सभी CRP (Cluster Resource Person) को Voucher गोमिया BRC के लेखापाल द्वारा ही उपलब्ध कराया गया था। आवेदनकर्ता का आरोप है कि CRP को स्पष्ट रूप से कहा गया था कि इसी Voucher को प्रस्तुत करना है, अन्यथा किसी दूसरे Vendor का Voucher पास नहीं किया जाएगा।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सभी CRC का PFMS User ID और Password CRP को उपलब्ध कराए बिना लेखापाल द्वारा स्वयं Voucher Upload किया गया। इस प्रक्रिया को लेकर भी आवेदनकर्ता ने सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।
14 CRC के लिए सामग्री उपलब्ध कराने की मांग
आवेदनकर्ता ने जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, बोकारो से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक जांच कराने की मांग की है। साथ ही 14 संकुलों के CRC Grant से संबंधित सामग्री संबंधित CRC को उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।
आवेदन के साथ Voucher की छायाप्रति भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है। अब मामले में शिक्षा विभाग द्वारा जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि CRC Grant की राशि, Vendor चयन, Voucher Upload और सामग्री आपूर्ति की प्रक्रिया में वास्तविक स्थिति क्या रही है।
हालांकि संवाददाता के द्वारा संबंधित लेखापाल से दूरभाष पर उनका पक्ष लेने का प्रयास किया गया परंतु उन्होंने फोन कॉल का कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी काल किया गया परंतु उन्होंने भी फोन कॉल का जवाब नहीं दिया। (…हो सकता है संबंधित पदाधिकारी कार्य निपटान में व्यस्त हों)
ऐसे में संबंधित कर्मचारी का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आ सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। मामले को लेकर संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है।














