गोमिया: गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत अंतर्गत दारिदाग गांव में गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया सरकार के काउंसलेट जनरल बर्नाड लिंच एवं डायरेक्ट ऐड प्रोग्राम की प्रोग्राम हेड एंजलीना नैयर पहुंचे। उनके आगमन पर गोमिया प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े के नेतृत्व में ग्रामीणों ने संथाल परंपरागत रीति-रिवाज एवं ढोल-मांदर के साथ उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान जन सहयोग केंद्र, हजारीबाग के सहयोग से जल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य विषय पर संचालित कार्यों के तहत सोलर जलमीनार के रिपेयर कार्य का उद्घाटन किया गया। काउंसलेट जनरल बर्नाड लिंच ने दो सोलर जलमीनार तथा सात मरम्मत किए गए चापानलों का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

इसके बाद दारिदाग टोला स्थित बुड्ढाकटा प्राथमिक विद्यालय के मैदान में ग्रामीणों के साथ जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोमिया अंचल प्रशासन की ओर से अंचल अधिकारी आफताब आलम ने काउंसलेट जनरल बर्नाड लिंच को बुके देकर सम्मानित किया।
जन संवाद के दौरान सियारी पंचायत के मुखिया रामवृक्ष मुर्मू ने ग्रामीणों की ओर से क्षेत्र की विभिन्न बुनियादी समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराया। उन्होंने ग्रामीणों की आवश्यकताओं और समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात रखी।

जन सहयोग केंद्र हजारीबाग के सचिव नरेंद्र कुमार महतो ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया सरकार के डायरेक्ट ऐड प्रोग्राम के सहयोग से दारिदाग गांव में जल, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य किया जा रहा है। परियोजना के तहत खराब पड़े चापानलों की मरम्मत, सोलर जलमीनार की मरम्मत सहित अन्य कार्य किए गए हैं। इसके अलावा दो वाटर टैंक का निर्माण, विद्यालय में शौचालय की मरम्मत तथा दो दाड़ी (कुआं) निर्माण का कार्य भी प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि शेष कार्यों को निर्धारित योजना के अनुसार पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जलापूर्ति, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित अपनी समस्याएं भी रखीं। अतिथियों ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए परियोजना से जुड़े कार्यों की जानकारी ली तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के उपयोग और रखरखाव पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जन सहयोग केंद्र की कोषाध्यक्ष रीता कुमारी, परियोजना समन्वयक शिवलाल टुडू, पूर्व प्रखंड प्रमुख गुलाब हंसदा, आंगनवाड़ी सेविका प्रेसी देवी, मरियम कुमारी, विजय हेम्ब्रोम, शालिनी मुर्मू, प्रकाश हंसदा, अनिल बास्के, चुनुलाल सोरेन एवं विकास हंसदा सहित अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया।
ग्रामीणों के बीच जल स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार को लेकर कार्यक्रम को महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।














