गोमिया। गोमिया थाना क्षेत्र के हजारी पंचायत अंतर्गत पटवा बस्ती में एक शादीशुदा महिला के साथ छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर गोमिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक भोला शंकर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता 20 सितंबर की शाम गणेश पूजा का मेला देखने अपने मायके साडम गई थी। आरोप है कि उसी रात करीब 11:30 बजे हजारी पटवा बस्ती निवासी भोला शंकर महिला के घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसे बाहर बुलाया।

पीड़िता के आरोप के अनुसार, घर से बाहर आने के बाद आरोपी ने उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। इसके बाद रास्ते में उसके साथ कथित रूप से छेड़छाड़ और मारपीट की गई। आरोप है कि कुछ दूरी पर आरोपी महिला को बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गया।
महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता ने गोमिया थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की।
थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद गोमिया थाना पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी भोला शंकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस जांच कर रही है।















