आईईएल थाना क्षेत्र में वारदात से मचा हड़कंप, एचआर विभाग के पे-रोल ऑफिसर के आवास को बनाया निशाना; पुलिस ने शुरू की जांच, बोकारो से विशेष टीम पहुंचने की तैयारी





गोमिया। आईईएल थाना क्षेत्र अंतर्गत इंडियन एक्सप्लोसिव प्राइवेट लिमिटेड (आईईपीएल) ओरिका बारूद कारखाना परिसर स्थित सी-टाइप आवासीय क्वार्टर सी-24 में चोरों ने गुरुवार की रात धावा बोलकर करीब 12 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी, कपड़े एवं अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस बड़ी वारदात के बाद कंपनी के आवासीय क्षेत्र में रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिजनों में दहशत का माहौल है। वहीं, कंपनी की प्राईवेट पेट्रोलिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, सी-24 क्वार्टर में रहने वाले सुशील कुमार आईईपीएल ओरिका कंपनी के एचआर विभाग में पे-रोल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार की शाम वह अपनी पत्नी सरिता देवी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आवश्यक कार्य से रामगढ़ स्थित अपने रिश्तेदार के यहां गए थे। परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे और इसी दौरान चोरों ने उनके बंद आवास को निशाना बनाया।

सुबह फोन से मिली घर में चोरी की जानकारी
सुशील कुमार के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे उन्हें जानकारी मिली कि उनके आवास का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने के बाद वह तत्काल रामगढ़ से अपने आवास के लिए रवाना हुए और करीब साढ़े 6 बजे क्वार्टर पहुंचे। घर के अंदर प्रवेश करने पर उन्होंने देखा कि कमरों का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त था। अलमारियां खुली थी और अन्य स्थानों पर रखे सामानों को खंगाला गया था।
परिजनों द्वारा जांच करने पर पत्नी सरिता देवी के सोने, चांदी और डायमंड के आभूषण सहित कई कीमती सामान गायब मिले। चोरी की जानकारी मिलते ही सुशील कुमार ने इसकी सूचना तत्काल ओरिका कंपनी प्रबंधन और आईईएल थाना पुलिस को दी।

तनिष्क और डायमंड के आभूषण समेत कई सामान गायब
सुशील कुमार ने बताया कि चोरों ने उनकी पत्नी के कीमती आभूषणों को निशाना बनाया। इनमें तनिष्क के आभूषण, डायमंड के जेवरात, कान के टॉप्स, अंगूठियां, गले का सेट, सोने की चेन, कई जोड़ी पायल, बिछिया समेत अन्य कीमती सामान शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे कीमती कपड़े भी चोर अपने साथ ले गए।
इतना ही नहीं, चोरों ने घर में रखे बच्चे के गुल्लक को भी तोड़ दिया, जिसमें करीब 20 हजार रुपये रखे हुए थे। कुल मिलाकर घर में रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी भी चोरी होने की बात बताई जा रही है।
सुशील कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गए सामानों की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये के आसपास है। हालांकि, चोरी गए आभूषण और अन्य सामानों की विस्तृत सूची एवं मूल्य का आकलन किया जा रहा है। इसके बाद इसकी लिखित जानकारी पुलिस को दी जाएगी।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्वार्टर का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ित परिवार से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। घर के अंदर और आसपास के संभावित साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रबंधन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिए हैं।
थाना प्रभारी श्यामल मंडल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो से विशेष जांच टीम को बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस द्वारा घटनास्थल से उंगलियों के निशान समेत अन्य भौतिक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही तकनीकी जांच का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकेगी।

कंपनी की प्राईवेट पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी उठ रहे सवाल
आईईपीएल ओरिका के आवासीय परिसर में हुई इस बड़ी चोरी के बाद वहां रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि कंपनी परिसर में प्राईवेट पेट्रोलिंग व्यवस्था रहने के बावजूद आवासीय क्वार्टर में इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि अब तक कभी सी-टाइप चोरी की घटना नहीं घटी, चोरों ने आवास की रेकी की थी या उन्हें परिवार के घर से बाहर रहने की जानकारी पहले से थी। हालांकि, इन बिंदुओं की अभी पुलिस द्वारा पुष्टि नहीं की गई है और इन्हें जांच का विषय माना जा रहा है।
लोगों ने कंपनी प्रबंधन से आवासीय परिसर में **रात्रि गश्त बढ़ाने, प्रवेश और निकास व्यवस्था को सख्त करने तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा** करने की मांग की है। साथ ही आवासीय क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और रिकॉर्डिंग को खंगालने की जरूरत भी बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। विशेष जांच टीम की जांच, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर पुलिस चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद से आईईपीएल ओरिका के सी-टाइप आवासीय परिसर में सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।















