गोमिया। चतरोचट्टी थाना कांड संख्या 19/23 के फरार अभियुक्त रहावन ओपी अंतर्गत ग्राम बलथरवा निवासी जयलाल महतो के घर शनिवार को पुलिस ने न्यायालय से निर्गत इश्तेहार चिपकाया। पुलिस ने ढोल-नगाड़े बजाकर ग्रामीणों को न्यायालय के आदेश और अभियुक्त के फरार होने की जानकारी दी। कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई।

यह मामला 31 अगस्त 2023 की रात कतवारी-टेहरवा पानी टंकी निर्माण स्थल पर हुई लूट एवं हथियार के बल पर रंगदारी मांगने से जुड़ा है। घटना के संबंध में बंशी रविदास ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि वह ग्राम कतवारी टेहरवा में पानी टंकी निर्माण कार्य में रात्रि प्रहरी के रूप में काम करता था। उसके साथ गांव के ही चांदो महतो भी रात्रि प्रहरी के रूप में ड्यूटी करते थे। दोनों की ड्यूटी शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक थी।
31 अगस्त 2023 की रात करीब 10:30 बजे तीन-चार व्यक्ति पानी टंकी निर्माण के लिए बनाए गए अस्थायी शेड के पास पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति, जिसकी उम्र करीब 26-27 वर्ष बताई गई, ने मुंशी के बारे में पूछा। मुंशी के वहां नहीं रहने की बात कहने पर आरोपी ने अपने साथी से पिस्तौल निकालने को कहा। इसके बाद हथियार का भय दिखाकर बंशी रविदास का मोबाइल और उसके साथी चांदो महतो का मोबाइल छीन लिया गया।
शिकायत के मुताबिक, अपराधियों ने दोनों को धमकी देते हुए कहा कि अपने मुंशी को बता देना कि 3 सितंबर 2023 की शाम तीन से पांच बजे के बीच बताए गए स्थान पर पांच लाख रुपये पहुंचा दे, अन्यथा अंजाम बुरा होगा। इसके बाद सभी आरोपी कतवारी-चिपरी की ओर चले गए।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया था कि उसी रात करीब 11 बजे से 11:15 बजे के बीच चिपरी गांव में हजारीबाग निवासी सब्जी व्यवसायी मनोहर प्रसाद मेहता एवं अन्य लोगों के साथ भी हथियार का भय दिखाकर मोबाइल और रुपये लूटे जाने तथा करीब एक लाख रुपये रंगदारी की मांग किए जाने की जानकारी मिली थी। मोबाइल छीन लिए जाने के कारण तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी जा सकी थी।
थाना प्रभारी शशि शेखर ने बताया कि इसी मामले में न्यायालय से इश्तेहार निर्गत होने के बाद पुलिस ने शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को फरार अभियुक्त जयलाल महतो के घर एवं आसपास के चौक-चौराहों पर इश्तेहार चिपकाया। पुलिस अवर निरीक्षक कुंदन कुमार यादव के नेतृत्व में सशस्त्र बल के जवानों की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की गई।
पुलिस ने न्यायालय के आदेश के तहत फरार अभियुक्त को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी दी है। कार्रवाई के दौरान आसपास के ग्रामीणों की भी भीड़ जुटी रही।















