आईईएल थाना में सुशील कुमार ने दिया लिखित आवेदन, सोने-चांदी व डायमंड के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी होने का दावा; पुलिस जांच में जुटी

गोमिया। आईईएल थाना क्षेत्र अंतर्गत आईईपीएल ओरिका बारूद कारखाना के सी-टाइप आवासीय क्वार्टर सी-24 में हुई चोरी के मामले में चोरी की रकम का आंकड़ा बढ़ गया है। क्वार्टर में रहने वाले कंपनी के एचआर विभाग के पैरोल ऑफिसर सुशील कुमार ने आईईएल थाना में दिए लिखित आवेदन में करीब 16 से 17 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी होने की बात कही है। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि सुशील कुमार गुरुवार की शाम अपने परिवार के साथ रामगढ़ स्थित रिश्तेदार के यहां आवश्यक कार्य से गए थे। शुक्रवार की सुबह करीब पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके आवास का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने के बाद वह करीब छह बजे अपने क्वार्टर पहुंचे तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी समेत अन्य स्थानों की जांच करने पर कीमती सामान गायब मिले।
सुशील कुमार द्वारा थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, चोरों ने उनकी पत्नी सरिता देवी के सोने, चांदी और डायमंड के आभूषण, तनिष्क के जेवरात, कान के टॉप्स, अंगूठियां, गले का सेट, सोने की चेन, कई जोड़ी पायल, बिछिया सहित अन्य आभूषणों पर हाथ साफ किया। इसके अलावा कीमती कपड़े, करीब एक लाख रुपये नकद तथा बच्चे के गुल्लक में रखे लगभग 20 हजार रुपये भी चोरी होने की बात कही गई है।
पहले चोरी की क्षति करीब 12 लाख रुपये बताई गई थी, लेकिन घर में मौजूद सामान और आभूषणों का आकलन करने के बाद पैरोल ऑफिसर ने पुलिस को दिए आवेदन में कुल 16 से 17 लाख रुपये के आसपास की चोरी होने की बात कही है। चोरी गए सामानों की विस्तृत सूची भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने के बाद आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल और फोरेंसिक जांच टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस ने पीड़ित परिवार से पूछताछ करने के साथ ही चोरी के संभावित सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं।
थाना पुलिस ने सुशील कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से उंगलियों के निशान सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित सुरागों को भी खंगाल रही है।
विशेष जांच टीम से भी ली जाएगी मदद
आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो से फोरेंसिक की विशेष जांच टीम की मदद ली जा रही है। तकनीकी जांच के साथ-साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
आईईपीएल ओरिका के आवासीय परिसर में बड़ी चोरी की घटना सामने आने के बाद कंपनी की निजी पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। आवासीय परिसर में सुरक्षा कर्मियों और निजी पेट्रोलिंग की व्यवस्था होने के बावजूद बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी हो जाने से कर्मचारियों में चिंता है।
लोगों का कहना है कि आवासीय क्षेत्र में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। वहीं, पुलिस जांच के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि चोरों ने किस तरीके से वारदात को अंजाम दिया और क्या उन्हें घर खाली होने की जानकारी पहले से थी।
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना के बाद से आईईपीएल ओरिका के सी-टाइप आवासीय परिसर में सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।















