गोमिया। गोमिया प्लस टू उच्च विद्यालय में मंगलवार को टेस्ट परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बारहवीं कक्षा की एक छात्रा अचानक बेहोश होकर परीक्षा कक्ष में गिर पड़ी। छात्रा के अचानक बेहोश होने से परीक्षा दे रहे अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों में कुछ देर के लिए चिंता का माहौल बन गया।

घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों ने तत्काल छात्रा को संभाला और इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। साथ ही आपातकालीन सेवा डायल 108 पर सूचना देकर एम्बुलेंस बुलायी गयी। कुछ ही देर में एम्बुलेंस विद्यालय पहुंची, जिसके बाद छात्रा को परिजनों की मौजूदगी में उपचार के लिए गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
बताया गया कि छात्रा कक्षा 12वीं के विज्ञान संकाय की छात्रा है। मंगलवार को विद्यालय में उसका फिजिक्स एवं इंग्लिश विषय का रियल टेस्ट आयोजित किया जा रहा था। छात्रा परीक्षा दे रही थी, इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश होकर गिर पड़ी।

विद्यालय के प्राचार्य अंबुज कुमार ने बताया कि छात्रा विज्ञान संकाय की है और मंगलवार को फिजिक्स एवं इंग्लिश विषय की टेस्ट परीक्षा दे रही थी। परीक्षा के दौरान अचानक वह बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद विद्यालय की ओर से तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी गई और 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे परिजनों के साथ अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा छात्रा का उपचार किया गया। फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और छात्रा के सहपाठियों ने राहत की सांस ली।
















