किशोरियों एवं महिलाओं को ऋतुश्राव स्वच्छता के प्रति किया गया जागरूक, सेनेटरी नैपकिन वितरित
गोमिया। गोमिया प्रखंड की सियारी पंचायत स्थित बिरहोर टांडा में शनिवार को जिला आयुष समिति, बोकारो के सौजन्य से निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में चिकित्सक डॉ. श्याम कुमार वर्मा ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की जानकारी भी दी गई।

शिविर का उद्घाटन सियारी पंचायत के मुखिया रामबृक्ष मुर्मू ने किया। शिविर में बड़ी संख्या में बिरहोर टांडा के ग्रामीण शामिल हुए और स्वास्थ्य जांच कराकर चिकित्सा परामर्श प्राप्त किया। चिकित्सा शिविर के दौरान 13 से 40 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। उनके बीच सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया। साथ ही ऋतुश्राव (मासिक धर्म) से संबंधित जरूरी जानकारियां देकर उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
डॉ. श्याम कुमार वर्मा ने किशोरियों एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऋतुश्राव से संबंधित किसी भी बीमारी या परेशानी को लेकर शर्म और संकोच करने की जरूरत नहीं है। ऐसी समस्याओं को छिपाने के बजाय खुलकर चिकित्सक को बताना चाहिए, ताकि समय पर उचित जांच और समुचित उपचार किया जा सके। उन्होंने महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सुविधा पहुंचाने का प्रयास किया गया। मौके पर योग प्रशिक्षक गणेश प्रजापति, सहायिका लुबिया बिरहोरनी, सुरेश बिरहोर सहित बिरहोर टांडा के अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।














