लापरवाह व्यवस्था से परेशान ग्रामीण, लोगों को नहीं मिल रहा सुचारू जलापूर्ति का लाभ; जेई ने जल्द सफाई कराने का दिया आश्वासन

गोमिया। गोमिया व पलिहारी गुरुडीह पंचायत में पेयजल की समस्या के बीच गोमिया डाक बंगला स्थित पानी टंकी से सैकड़ों गैलन पेयजल व्यर्थ बहने का मामला सामने आया है। पानी टंकी से लगातार बह रहे पानी के कारण जहां पेयजल की बर्बादी हो रही है, वहीं पानी पीसीसी सड़क पर फैलने से लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, पानी टंकी से पानी का इस तरह बहना कोई नई बात नहीं है। आरोप है कि कर्मचारियों की लापरवाही के कारण बार-बार ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। एक ओर पानी की बर्बादी हो रही है, तो दूसरी ओर लोगों को नियमित और सुचारू रूप से पेयजल नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते टंकी और उससे जुड़ी व्यवस्था की नियमित देखरेख की जाए, तो पानी की बर्बादी को रोका जा सकता है।
पानी सड़क पर बहने के कारण पीसीसी सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। सड़क पर पानी जमा होने और लगातार बहने से राहगीरों तथा स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि पेयजल की बर्बादी रुके और लोगों को नियमित जलापूर्ति का लाभ मिल सके अन्यथा दोबारा होने पर इसकी शिकायत पेयजल मंत्री योगेंद्र प्रसाद से करने की बात कही है।

बेसीन में गाद जमा होने से हो रही समस्या : जेई
इस संबंध में विभाग के जेई लुकमान अंसारी ने बताया कि बेसीन में गाद जमा हो जाने के कारण जाम की स्थिति बन रही है, जिससे पानी ओवर फ्लो होकर बाहर बह रहा है। उन्होंने कहा कि बेसीन की सफाई जल्द कराई जाएगी, ताकि पानी के बहाव की समस्या दूर हो सके।
अब देखना यह है कि विभाग द्वारा सफाई का कार्य कितनी जल्दी कराया जाता है और पानी की बर्बादी पर कब तक रोक लग पाती है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे पेयजल की बर्बादी बंद हो और जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू हो सके।














