• Home
  • Crime
  • Gomia: रहावन से लापता महिला रांची से बरामद, आरोपित देवर सत्येन्द्र महतो गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

Gomia: रहावन से लापता महिला रांची से बरामद, आरोपित देवर सत्येन्द्र महतो गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

गोमिया। बोकारो जिले के जागेश्वर विहार थाना अंतर्गत रहावन ओपी क्षेत्र से लापता हुई एक महिला को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रांची से बरामद कर लिया है। वहीं, महिला को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने गांव के ही सत्येन्द्र कुमार महतो उर्फ किटु (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में रहावन ओपी में जागेश्वर विहार थाना कांड संख्या 20/2026, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

रहावन ओपी प्रभारी पिन्टु महथा से मिली जानकारी के अनुसार, रहावन निवासी विकास कुमार (32 वर्ष) ने अपनी पत्नी के लापता होने और उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए रहावन ओपी में आवेदन दिया था। आवेदन में उन्होंने अपने चचेरे भाई सत्येन्द्र कुमार महतो उर्फ किटु पर संदेह जताया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की थी।

Rahavan OP

आवेदन के अनुसार, विकास कुमार की शादी 15 मई 2022 को रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियातू निवासी देवकिशोर महतो की पुत्री के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विकास कुमार एक आदर्श मध्य सह उच्च विद्यालय में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि शादी के शुरुआती दिनों में दोनों पति-पत्नी के बीच सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद उनकी पत्नी उनसे दूरी बनाने लगी और उनके चचेरे भाई सत्येन्द्र कुमार महतो उर्फ किटु से बातचीत करने लगी।

विकास कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि उन्होंने दोनों को कुछ ऐसी गतिविधियां करते हुए देखा था, जिस पर उन्होंने अपनी पत्नी को सत्येन्द्र से अधिक लगाव रखने को लेकर आपत्ति जताई थी। इस पर पत्नी ने उसे देवर बताते हुए बातचीत करने में कोई गलत बात नहीं होने की बात कही थी।

शिकायत के मुताबिक, पांच अक्टूबर 2026 की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। अगले दिन सुबह करीब चार बजे जब विकास कुमार की नींद खुली तो उनकी पत्नी बिस्तर पर नहीं थीं। शुरुआत में उन्हें लगा कि वह शौच के लिए बाहर गई होंगी या कुएं के पास बर्तन साफ करने गई होंगी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने आसपास के इलाकों और परिचितों के बीच उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

विकास कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि पत्नी के लापता होने के बाद उन्होंने अपने चचेरे भाई सत्येन्द्र कुमार महतो की भी तलाश की। उनके अनुसार, सत्येन्द्र घर पर नहीं था और उसका वाहन भी वहां नहीं मिला। इसके बाद जब उन्होंने कमरे की अलमारी की जांच की तो पत्नी के कुछ कपड़े, जेवरात, सैंडल और बैग भी गायब मिले।

शिकायतकर्ता के अनुसार, बिस्तर की तलाशी लेने पर उन्हें पत्नी के हाथ से लिखा एक नोट भी मिला। आवेदन में दावा किया गया है कि उस नोट में पीछा नहीं करने की चेतावनी दी गई थी और ऐसा करने पर जान देने की बात लिखी गई थी। इन परिस्थितियों के आधार पर विकास कुमार ने आशंका जताई कि उनकी पत्नी को सत्येन्द्र कुमार महतो उर्फ किटु बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

इसके बाद उन्होंने 12 अक्टूबर को रहावन ओपी में लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और आरोपित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर महिला की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने रांची से महिला को बरामद कर लिया। इसके साथ ही प्राथमिकी में नामजद आरोपित सत्येन्द्र कुमार महतो उर्फ किटु को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपित की उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है। वह रहावन गांव का निवासी है और उसके पिता का नाम प्रेमनाथ महतो है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

महिला की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए गठित छापेमारी दल में रहावन ओपी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक पिन्टु महथा, पुलिस अवर निरीक्षक जगदेव पाहन तथा रहावन ओपी के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद महिला की बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Releated Posts

Bokaro: बेरमो अनुमंडल में पुलिस का समकालीन अभियान, 14 वारंटी गिरफ्तार, 19 वारंटों का निष्पादन

48 छापामारी दलों में 159 पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल, 99 स्थानों पर की गई छापेमारी बोकारो। बोकारो…

ByByadmin अक्टूबर 14, 2026

Gomia: स्कूल से घर लौट रही नौवीं की छात्रा को 4-5 युवकों ने पीटा, गंभीर रूप से घायल

चतरोचट्टी थाना के पीछे बाइपास रोड पर हुई घटना, छात्रा ने ससुराल पक्ष पर जताया संदेह; पुलिस जांच…

ByByadmin अक्टूबर 13, 2026

Gomia: दुर्गापूजा में मिठाइयों की गुणवत्ता पर उठे सवाल, गोमिया में खाद्य सुरक्षा जांच की मांग

मिलावटी मिठाइयों और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने की जरूरत, त्योहार के दौरान विभागीय सक्रियता…

ByByadmin अक्टूबर 13, 2026

Gomia: नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, गोमिया पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

मुंह दबाकर झाड़ियों में ले जाने और जबरन गलत करने की कोशिश का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया…

ByByadmin अक्टूबर 9, 2026

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top