• Home
  • Accident
  • Gomia: स्वांग न्यू माइनस सीसीएल आवासीय क्वार्टर में लगी भीषण आग, घरेलू सामान, नकदी और जेवरात जले

Gomia: स्वांग न्यू माइनस सीसीएल आवासीय क्वार्टर में लगी भीषण आग, घरेलू सामान, नकदी और जेवरात जले

महासप्तमी पर घर में जलाए गए दीपक से आग लगने की आशंका, पत्नी और बच्चे गए थे दुर्गा मंडप; निजी कंपनी के फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

गोमिया। गोमिया थाना क्षेत्र के स्वांग न्यू माइनस स्थित सीसीएल आवासीय कॉलोनी में महासप्तमी की देर रात एक आवासीय क्वार्टर में अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि क्वार्टर में रखा घरेलू सामान, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नकदी, जेवरात और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए। घटना में सीसीएल कर्मी मनोरंजन मंडल को लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान होने की आशंका है। गनीमत रही कि घटना के समय घर के अंदर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Fire

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वांग न्यू माइनस सीसीएल आवासीय कॉलोनी के क्वार्टर संख्या एनएमपी-78 में देर शाम अचानक आग लग गई। उस समय क्वार्टर में ताला लगा हुआ था। कुछ देर बाद आसपास के लोगों ने खिड़की से आग की लपटें निकलते और धुएं का घना गुबार उठते देखा। देखते ही देखते कॉलोनी में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तत्काल आग बुझाने के प्रयास में जुट गए और क्वार्टर के मालिक मनोरंजन मंडल को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही क्वार्टर का दरवाजा खोलकर स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग तेजी से फैल रही थी और घर के अंदर रखा सामान इसकी चपेट में आ चुका था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोमिया थाना पुलिस के माध्यम से एक निजी कंपनी के फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक क्वार्टर के अंदर रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

दीपक से आग लगने की जताई आशंका

घटना के संबंध में क्वार्टर संख्या एनएमपी-78 के मालिक एवं सीसीएल कर्मी मनोरंजन मंडल ने बताया कि महासप्तमी के अवसर पर देर शाम उनकी पत्नी तुलसी देवी घर में पूजा के लिए दीपक (दीया) जलाकर बच्चों के साथ स्वांग दुर्गा मंडप गई थीं। घर में ताला लगा हुआ था, जबकि वह स्वयं क्वार्टर के नीचे टहल रहे थे। इसी दौरान घर में आग लगने की सूचना मिली।

मनोरंजन मंडल ने आशंका जताई कि पूजा के दौरान जलाए गए दीपक से संभवतः पहले कपड़ों में आग लगी होगी। इसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखे अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Fire Brigade

पलंग, फ्रिज, गोदरेज, नकदी और जेवरात जलकर नष्ट

अगलगी की इस घटना में मनोरंजन मंडल को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। उनके अनुसार, क्वार्टर के अंदर रखा पलंग, फ्रिज, गोदरेज अलमारी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गए। इसके अलावा घर में रखी लगभग 20 हजार रुपये की नकदी, जेवरात तथा बैंकिंग और नौकरी से संबंधित कई महत्वपूर्ण कागजात भी जलकर नष्ट हो गए।

इन दस्तावेजों में पहचान पत्र समेत अन्य जरूरी कागजात शामिल बताए गए हैं। घरेलू सामान के साथ महत्वपूर्ण दस्तावेजों, बच्चों की कापियां किताबें, कपड़े आदि सब के सब नष्ट होने से परिवार के सामने आर्थिक नुकसान के अलावा कागजात दोबारा बनवाने की परेशानी भी खड़ी हो गई है। नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन किया जाना बाकी है।

स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर पाया गया काबू

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग सक्रिय हो गए और अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए। किसी ने घरेलू सिलिंडर को बहार निकाला तो किसी ने इलेक्ट्रिक केबल को कटकर विद्युत् विच्छेद किया। इसके बाद पुलिस के माध्यम से निजी कंपनी के अग्निशमन वाहन को बुलाया गया। अग्निशमन दल की मदद से आग को नियंत्रित किया गया, जिससे आग के और अधिक फैलने की आशंका को कम किया जा सका।

इस दौरान गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी गई और आग बुझाने की कार्रवाई में सहयोग किया गया।

Gomia SI Prafull Mahto

त्योहार के बीच परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल के बीच हुई इस घटना से मनोरंजन मंडल का परिवार सदमे में है। जिस समय परिवार के सदस्य पूजा-अर्चना के लिए दुर्गा मंडप गए थे, उसी दौरान घर में आग लगने से वर्षों की मेहनत से जुटाया गया घरेलू सामान नष्ट हो गया। नकदी, जेवरात और जरूरी दस्तावेजों के जलने से परिवार की परेशानी और बढ़ गई है।

यह घटना त्योहारों के दौरान घर में दीपक और अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता को भी रेखांकित करती है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।

Releated Posts

Gomia: मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति को स्कूटी ने मारी टक्कर, सिर में लगी चोट

हजारी मोड़ काली मंदिर के समीप हादसा, घायल विनोद कुमार नायक की स्थिति स्थिर; पुलिस ने स्कूटी जब्त…

ByByadmin अक्टूबर 14, 2026

Gomia: सियार के हमले में युवक घायल, ग्रामीणों के बीच मची अफरा-तफरी

मछली पकड़ने कोनार डैम जा रहा था युवक, अचानक रास्ते में सियार ने किया हमला गोमिया। गोमिया प्रखंड…

ByByadmin अक्टूबर 7, 2026

Gomia: परीक्षा के दौरान बेहोश होकर गिरी छात्रा, गोमिया सीएचसी में कराया गया भर्ती

गोमिया। गोमिया प्लस टू उच्च विद्यालय में मंगलवार को टेस्ट परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई,…

ByByadmin अक्टूबर 6, 2026

Gomia: गोमिया में पितरों को पानी देने गए बुजुर्ग की तालाब में डूबने से मौत, सोमवार सुबह मिला शव

गोमिया। गोमिया थाना अंतर्गत पलिहारी गुरुडीह पंचायत के गोमिया बस्ती में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई,…

ByByadmin अक्टूबर 5, 2026

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top