चतरोचट्टी थाना क्षेत्र की घटना, पीड़ित परिवार ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
गोमिया। गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित परिवार की लिखित शिकायत पर चतरोचट्टी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

7 मार्च की मध्य रात्रि की बताई जा रही घटना
पीड़ित परिवार द्वारा थाना में दिए गए आवेदन में बताया गया है कि 7 मार्च की मध्य रात्रि उनकी नाबालिग पुत्री घर से अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया इंस्टाग्राम से पता चला कि जरकुंडा गांव निवासी एक युवक नकुल कुमार उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।
आदतन अपराधी होने का लगाया आरोप
पूछे जाने पर पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि संबंधित युवक नकुल आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है और इससे पूर्व भी उनके ही गांव की एक अन्य युवती को अपने झांसे में लेकर भगाने की घटना में उसका नाम सामने आ चुका है। हालांकि ग्रामीणों के दबाव के बाद आरोपित ने युवती को सामाजिक रूप से विवाह कर स्वीकार कर लिया था। जो अब भी पत्नी के रूप में उसके घर में रह रही है बावजूद उसने दोबारा इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग किशोरी की जल्द बरामदगी की मांग की है।
हालांकि ग्रामीणों द्वारा युवक व नाबालिग को लेकर पूर्व प्रेमी होने का दावा भी किया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले को गंभीरता से लेते हुए चतरोचट्टी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस संदिग्ध ठिकानों में छापेमारी कर किशोरी और आरोपी की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी शशि शेखर का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा।
परिवार में चिंता का माहौल
घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि उनकी पुत्री को सुरक्षित बरामद किया जाए। वहीं संबंधित गांव में भी घटना को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।













