गोमिया। गोमिया थाना क्षेत्र के चौधरी टोला निवासी मानिक कुमार यादव (30) की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना के बाद मृतक के भाई घनश्याम यादव ने गोमिया थाना में लिखित आवेदन देकर चतरोचट्टी की एक महिला समेत तीन लोगों पर मानिक यादव को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।

गौरतलब है कि गुरुवार को चौधरी टोला निवासी मानिक कुमार यादव का शव उसके घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला था। प्रारंभिक तौर पर मामला दूसरी महिला से प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा था। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था तथा मामले की जांच शुरू की थी।
मृतक के कमरे से मिली लिखावट बनी जांच का आधार
मृतक के भाई घनश्याम यादव द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि घटना के बाद मानिक यादव के बिस्तर से एक कॉपी बरामद हुई, जिसमें लगभग 12 पृष्ठों पर मृतक द्वारा स्वयं लिखी गई बातें दर्ज हैं। आवेदन के अनुसार उक्त लिखावट में चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के चिपरी की एक महिला श्वेता सिंह, गोमिया निवासी सूरज लाल पंसारी तथा सिकंदर साव समेत अन्य लोगों के संबंध में कई आरोपों का उल्लेख किया गया है।
घनश्याम यादव ने आवेदन में दावा किया है कि मृतक की लिखावट में यह भी उल्लेख है कि उसके कुछ जेवरात संबंधित महिला श्वेता सिंह के पास हैं। साथ ही उसकी एक अपाचे मोटरसाइकिल बेरमो चार नंबर में किसी अन्य व्यक्ति के पास रखवा देने तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल सूरज लाल पंसारी के द्वारा खुद रखने की बात भी लिखी गई है।
घर में घुसकर धमकी और मारपीट का आरोप
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार 10 जून 2026 की सुबह करीब 10 बजे आरोपित पक्ष के लोग कई अज्ञात युवकों के साथ मृतक के घर पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर मानिक यादव और उसकी मां के साथ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की थी। आवेदन में कहा गया है कि इस घटना के बाद से मानिक काफी तनाव में था।
मृतक के भाई का आरोप है कि संबंधित महिला, सूरज लाल पंसारी, सिकंदर साव तथा अन्य अज्ञात लोगों ने षड्यंत्र के तहत उसके भाई को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके कारण वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर हुआ।
प्राथमिकी दर्ज
घनश्याम यादव ने गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो को दिए आवेदन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि उनके भाई की मौत सामान्य घटना नहीं है, बल्कि लगातार मानसिक दबाव और उत्पीड़न का परिणाम है।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
इधर, गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। मृतक के कमरे से बरामद कॉपी और उसमें लिखी बातों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार तथा परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
मानिक यादव की आत्महत्या के बाद सामने आए नए आरोपों से मामला और भी संवेदनशील हो गया है। पहले जहां घटना को प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद से जोड़कर देखा जा रहा था, वहीं अब मृतक के भाई द्वारा लगाए गए मानसिक उत्पीड़न और षड्यंत्र के आरोपों ने जांच की दिशा बदल दी है। पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर अब परिजनों समेत पूरे क्षेत्र की नजर बनी हुई है।













