• Home
  • Social
  • Gomia: गांव के पहले अग्निवीर बने अरविंद किस्कु के स्वागत में उमड़े ग्रामीण, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली भव्य तिरंगा रैली

Gomia: गांव के पहले अग्निवीर बने अरविंद किस्कु के स्वागत में उमड़े ग्रामीण, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली भव्य तिरंगा रैली

गोमिया। गोमिया प्रखंड अंतर्गत कर्री खुर्द पंचायत के आदिवासी बहुल दुधमो गांव में बुधवार को उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। गांव के पहले अग्निवीर जवान अरविंद किस्कु के प्रशिक्षण पूरा कर पहली बार सेना की वर्दी में घर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल रहा। ढोल-नगाड़ों की थाप, देशभक्ति के नारों और तिरंगे के साथ निकाली गई स्वागत रैली ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

ABC

अरविंद किस्कु के गांव पहुंचते ही सैकड़ों ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। लोग हाथों में तिरंगा लेकर उनके सम्मान में जयकारे लगा रहे थे। वहीं अरविंद भी हाथ में तिरंगा लेकर ग्रामीणों का अभिवादन करते नजर आए। गांव की गलियों से होकर निकली रैली में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में यह पल गर्व और सम्मान का प्रतीक बन गया।

कर्री खुर्द पंचायत के मुखिया सोनाराम मुर्मू एवं उनकी पत्नी तारमेला मरांडी ने अरविंद को साल ओढ़ाकर, मिठाई खिलाकर और फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुखिया सोनाराम मुर्मू ने कहा कि अरविंद किस्कु ने बेंगलुरु में अग्निवीर का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद जब वह अपने गांव लौटे तो ग्रामीणों ने उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अरविंद अपने माता-पिता ही नहीं, बल्कि पूरे दुधमो गांव और कर्री खुर्द पंचायत का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

ABC

जवान के स्वागत को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों का प्यार और सम्मान देखकर अरविंद के माता-पिता भावुक हो उठे। उनकी मां रोसा टुडू ने कहा कि बेटे के भारतीय सेना में चयनित होने और प्रशिक्षण पूरा कर घर लौटने से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है।

वहीं पिता अमृत किस्कु ने बताया कि दुधमो गांव की आबादी लगभग 1200 है और अब तक गांव का कोई भी युवक सेना में चयनित नहीं हुआ था। अरविंद के अग्निवीर बनने से पूरे गांव का सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि बेटे की सफलता से गांव के अन्य युवाओं में भी सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का उत्साह बढ़ेगा।

ABC

ग्रामीणों ने कहा कि अरविंद की उपलब्धि केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे गांव की उपलब्धि है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर देश की सेवा का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में गांव के और भी युवा सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के गीत गूंजते रहे और लोगों ने अग्निवीर अरविंद किस्कु के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Releated Posts

Gomia: नशे के खिलाफ आईईएल थाना पुलिस और ग्रामीणों का जागरूकता अभियान, मॉक ड्रिल कर तलाशे बचाव के उपाय

गोमिया: नशे के बढ़ते प्रचलन और उससे समाज पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को लेकर आईईएल थाना पुलिस एवं…

ByByadmin जून 24, 2026

Gomia: पलानी में प्रतिबंधित मांस मिलने से तनाव, दो समुदाय आमने-सामने; प्रशासन की तत्परता से स्थिति नियंत्रित

गोमिया: बेरमो अनुमंडल के तेनुघाट ओपी क्षेत्र अंतर्गत गोमिया प्रखंड के पलानी गांव में मंगलवार को उस समय…

ByByadmin जून 23, 2026

गोमिया: शराब के नशे में आम के पेड़ पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा; पुलिस ने रस्सी से बांधकर उतारा

गोमिया: गोमिया बैंक मोड़ स्थित गुरुद्वारा के समीप रविवार को एक शराबी युवक का अजीबोगरीब कारनामा लोगों के…

ByByadmin जून 21, 2026

Gomia: कुर्कनालो गांव में 250 फीट पीसीसी पथ का शिलान्यास, ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी

गोमिया: गोमिया प्रखंड अंतर्गत कर्री खुर्द पंचायत के कुर्कनालो गांव में ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी होने…

ByByadmin जून 20, 2026

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top