
बोकारो: बोकारो जिले के गोमिया थानांतर्गत होसिर शिव मंदिर में शनिवार को मुस्लिम बच्चों द्वारा थूकने के मामले में बढ़ता आक्रोश देख गोमिया पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार रविवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया और सभी धर्मो का परस्पर सम्मान करने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी घटना समाज में उन्माद पैदा करती है सभी को सभी धर्मों का सम्मान करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मंदिर कमिटी द्वारा दिए आवेदन के आधार पर मामले को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) को अग्रसारित किया गया है जिसकी जांच 14 दिनों के भीतर पूरी करनी है यदि जांच में आरोप तय होती है तो पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फ़िलहाल आरोपित बच्चों के अभिभावकों के माफ़ी मांगने के बाद मामला शांत है। मौके पर गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार मेहता, आईईएल थाना प्रभारी प्रफुल कुमार महतो व तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल भी मौजूद रहे।
बता दें कि मुस्लिम समुदाय के बच्चों द्वारा मंदिर के देवी-देवताओं के चित्र पर थूकने का मामला सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इस घटना से मंदिर समिति व ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा था। हिंदू संगठनों ने भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को लिखित आवेदन दिया था।














