• Home
  • Accident
  • Gomia: गोमिया में कोनार नदी पार करने के दौरान तेज बहाव में बहा 64 वर्षीय बुजुर्ग, गोतोखोरों की टीम पहुंची, तलाश जारी

Gomia: गोमिया में कोनार नदी पार करने के दौरान तेज बहाव में बहा 64 वर्षीय बुजुर्ग, गोतोखोरों की टीम पहुंची, तलाश जारी

गोमिया। आईईएल थाना क्षेत्र अंतर्गत ससबेड़ा पूर्वी पंचायत के जोबेड़ा गांव निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग मुंद्रिका यादव बुधवार की सुबह कोनार नदी पार करने के दौरान तेज धार में बह गए। घटना के बाद से वह लापता हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और 15 सदस्यीय गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुट गई है। लगातार हो रही बारिश और नदी में तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि मुंद्रिका यादव मंगलवार की शाम कोनार नदी पार कर बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गंडके गांव में करमा पर्व के अवसर पर आयोजित झूमर कार्यक्रम एवं विसर्जन देखने गए थे। कार्यक्रम देखने के बाद वह वहीं से वापस लौटे और बुधवार की सुबह अपने गांव जोबेड़ा जाने के लिए कोनार नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में बहकर लापता हो गए।

File Photo

मछली पकड़ रहे युवकों ने देखा हादसा

घटना के संबंध में बताया गया कि जिस स्थान पर मुंद्रिका यादव नदी पार कर रहे थे, उससे कुछ दूरी पर कुछ युवक मछली पकड़ रहे थे। युवकों की नजर अचानक नदी के तेज बहाव में बहते बुजुर्ग पर पड़ी। उन्होंने उन्हें बचाने का प्रयास किया और तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन जब तक वे वहां पहुंचते, मुंद्रिका यादव तेज धार में बहकर पानी में डूब चुके थे।

स्थानीय युवकों ने आसपास के क्षेत्र में काफी खोजबीन की, लेकिन बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद घटना की सूचना परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी गई।

Jobera

पुलिस और गोताखोरों की टीम ने शुरू की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि सह समाजसेवी पिंटू पासवान घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने तत्काल आईईएल थाना पुलिस एवं प्रखंड प्रशासन के द्वारा गोताखोरों की टीम को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने नदी की स्थिति का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से नदी से दूर रहने की सलाह दी। इसके साथ ही लापता बुजुर्ग की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को लगाया गया।

वहीं, मुंद्रिका यादव के पुत्र प्रदीप यादव, जयनाथ गोप सहित परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण भी नदी के किनारे लगातार खोजबीन में जुटे हुए हैं। गोताखोरों द्वारा नदी के संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।

Pintu Paswan

लगातार बारिश बनी तलाश में बड़ी बाधा

बुजुर्ग की तलाश में लगातार हो रही बारिश सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है। मंगलवार की रात हल्की बारिश के बाद बुधवार अहले सुबह से ही क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कोनार नदी का जलस्तर और बहाव प्रभावित हुआ है, जिससे नदी में उतरकर तलाशी अभियान चलाना मुश्किल हो रहा है।

घटना की सूचना प्रशासन को मिलने के बाद कोनार डैम के फाटक को तत्काल बंद कराया गया, जिसके बाद नदी के बहाव में कुछ कमी आने की बात बताई जा रही है। इसके बावजूद नदी में पानी का बहाव अभी भी तेज है और सुरक्षा को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है।

Jobera

ग्रामीणों को अरमो नदी धार की ओर बहने की आशंका

स्थानीय ग्रामीण अशोक यादव सहित अन्य ग्रामीणों का अनुमान है कि तेज पानी के बहाव में मुंद्रिका यादव घटनास्थल से आगे बहकर अरमो नदी की धार की ओर चले गए होंगे। इसी आशंका को देखते हुए नदी की आगे की धार और आसपास के संभावित स्थानों पर भी तलाश की जा रही है।

घटना के बाद जोबेड़ा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचकर खोजबीन अभियान में सहयोग कर रहे हैं। परिजन लगातार अपने लापता सदस्य के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Mangari Devi

पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल

मुंद्रिका यादव के नदी में बहने की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम और चिंता का माहौल है। उनकी पत्नी मंगरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन नदी किनारे बैठकर बुजुर्ग के वापस मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मुंद्रिका यादव की तलाश जारी है। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के बीच राहत एवं बचाव दल संभावित स्थानों पर खोज अभियान चला रहा है।

Releated Posts

Gomia: स्वांग न्यू माइनस सीसीएल आवासीय क्वार्टर में लगी भीषण आग, घरेलू सामान, नकदी और जेवरात जले

महासप्तमी पर घर में जलाए गए दीपक से आग लगने की आशंका, पत्नी और बच्चे गए थे दुर्गा…

ByByadmin अक्टूबर 17, 2026

Gomia: मॉर्निंग वॉक कर रहे व्यक्ति को स्कूटी ने मारी टक्कर, सिर में लगी चोट

हजारी मोड़ काली मंदिर के समीप हादसा, घायल विनोद कुमार नायक की स्थिति स्थिर; पुलिस ने स्कूटी जब्त…

ByByadmin अक्टूबर 14, 2026

Gomia: सियार के हमले में युवक घायल, ग्रामीणों के बीच मची अफरा-तफरी

मछली पकड़ने कोनार डैम जा रहा था युवक, अचानक रास्ते में सियार ने किया हमला गोमिया। गोमिया प्रखंड…

ByByadmin अक्टूबर 7, 2026

Gomia: परीक्षा के दौरान बेहोश होकर गिरी छात्रा, गोमिया सीएचसी में कराया गया भर्ती

गोमिया। गोमिया प्लस टू उच्च विद्यालय में मंगलवार को टेस्ट परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई,…

ByByadmin अक्टूबर 6, 2026

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top