गोमिया। आईईएल थाना क्षेत्र अंतर्गत ससबेड़ा पूर्वी पंचायत के जोबेड़ा गांव निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग मुंद्रिका यादव बुधवार की सुबह कोनार नदी पार करने के दौरान तेज धार में बह गए। घटना के बाद से वह लापता हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और 15 सदस्यीय गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुट गई है। लगातार हो रही बारिश और नदी में तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि मुंद्रिका यादव मंगलवार की शाम कोनार नदी पार कर बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गंडके गांव में करमा पर्व के अवसर पर आयोजित झूमर कार्यक्रम एवं विसर्जन देखने गए थे। कार्यक्रम देखने के बाद वह वहीं से वापस लौटे और बुधवार की सुबह अपने गांव जोबेड़ा जाने के लिए कोनार नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में बहकर लापता हो गए।

मछली पकड़ रहे युवकों ने देखा हादसा
घटना के संबंध में बताया गया कि जिस स्थान पर मुंद्रिका यादव नदी पार कर रहे थे, उससे कुछ दूरी पर कुछ युवक मछली पकड़ रहे थे। युवकों की नजर अचानक नदी के तेज बहाव में बहते बुजुर्ग पर पड़ी। उन्होंने उन्हें बचाने का प्रयास किया और तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन जब तक वे वहां पहुंचते, मुंद्रिका यादव तेज धार में बहकर पानी में डूब चुके थे।
स्थानीय युवकों ने आसपास के क्षेत्र में काफी खोजबीन की, लेकिन बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद घटना की सूचना परिजनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी गई।

पुलिस और गोताखोरों की टीम ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि सह समाजसेवी पिंटू पासवान घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने तत्काल आईईएल थाना पुलिस एवं प्रखंड प्रशासन के द्वारा गोताखोरों की टीम को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने नदी की स्थिति का जायजा लेते हुए स्थानीय लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से नदी से दूर रहने की सलाह दी। इसके साथ ही लापता बुजुर्ग की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को लगाया गया।
वहीं, मुंद्रिका यादव के पुत्र प्रदीप यादव, जयनाथ गोप सहित परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण भी नदी के किनारे लगातार खोजबीन में जुटे हुए हैं। गोताखोरों द्वारा नदी के संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है।

लगातार बारिश बनी तलाश में बड़ी बाधा
बुजुर्ग की तलाश में लगातार हो रही बारिश सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है। मंगलवार की रात हल्की बारिश के बाद बुधवार अहले सुबह से ही क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कोनार नदी का जलस्तर और बहाव प्रभावित हुआ है, जिससे नदी में उतरकर तलाशी अभियान चलाना मुश्किल हो रहा है।
घटना की सूचना प्रशासन को मिलने के बाद कोनार डैम के फाटक को तत्काल बंद कराया गया, जिसके बाद नदी के बहाव में कुछ कमी आने की बात बताई जा रही है। इसके बावजूद नदी में पानी का बहाव अभी भी तेज है और सुरक्षा को देखते हुए सावधानी बरती जा रही है।

ग्रामीणों को अरमो नदी धार की ओर बहने की आशंका
स्थानीय ग्रामीण अशोक यादव सहित अन्य ग्रामीणों का अनुमान है कि तेज पानी के बहाव में मुंद्रिका यादव घटनास्थल से आगे बहकर अरमो नदी की धार की ओर चले गए होंगे। इसी आशंका को देखते हुए नदी की आगे की धार और आसपास के संभावित स्थानों पर भी तलाश की जा रही है।
घटना के बाद जोबेड़ा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंचकर खोजबीन अभियान में सहयोग कर रहे हैं। परिजन लगातार अपने लापता सदस्य के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल
मुंद्रिका यादव के नदी में बहने की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम और चिंता का माहौल है। उनकी पत्नी मंगरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन नदी किनारे बैठकर बुजुर्ग के वापस मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मुंद्रिका यादव की तलाश जारी है। लगातार बारिश और नदी के तेज बहाव के बीच राहत एवं बचाव दल संभावित स्थानों पर खोज अभियान चला रहा है।
















