गोमिया। गोमिया प्रखंड अंतर्गत लोधी पंचायत के तिसरी गांव से मंगलवार की देर रात चोरी हुई एक सवारी गाड़ी बुधवार सुबह ललपनिया में खड़ी मिली। ग्रामीणों की सूचना और ललपनिया ओपी पुलिस की मदद से वाहन को बरामद कर उसके मालिक के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद गांव में वाहन चोरी को लेकर ग्रामीणों के बीच चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, तिसरी गांव निवासी एवं सवारी गाड़ी के मालिक दिनेश यादव ने मंगलवार की रात अपनी सवारी गाड़ी को प्रतिदिन की तरह घर के बाहर खड़ा किया था। इस दौरान गांव में तीज पर्व को लेकर उत्सव का माहौल था। गांव में साउंड सिस्टम बज रहा था और लोग त्योहार की खुशी में व्यस्त थे। इसी बीच देर रात अज्ञात चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर के बाहर खड़ी सवारी गाड़ी को चोरी कर लिया।
बताया गया कि वाहन को वहां से निकालने के दौरान चोरों ने गाड़ी को आगे-पीछे करने का प्रयास किया, जिससे पास में बने मचान का खूंटा भी टूट गया। हालांकि, रात में त्योहार और साउंड बजने के कारण आसपास के लोगों को वाहन चोरी होने की भनक नहीं लग सकी।
बुधवार की सुबह जब दिनेश यादव उठे तो घर के बाहर से सवारी गाड़ी गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास के इलाके में वाहन की तलाश शुरू की। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों और परिचितों को भी इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों की मदद से वाहन की खोजबीन की जा रही थी।
इसी दौरान जानकारी मिली कि चोरी हुई सवारी गाड़ी ललपनिया क्षेत्र में खड़ी है। सूचना मिलते ही दिनेश यादव ललपनिया पहुंचे और स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। ललपनिया ओपी पुलिस की मदद से वाहन को बरामद कर वापस तिसरी गांव लाया गया।
वाहन के वापस मिलने के बाद वाहन मालिक और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि त्योहार के दौरान गांव में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में रात के समय घरों और वाहनों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। हालांकि, इस मामले में अभी तक चोरी करने वाले अज्ञात आरोपियों की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है।















