चतरोचट्टी थाना के पीछे बाइपास रोड पर हुई घटना, छात्रा ने ससुराल पक्ष पर जताया संदेह; पुलिस जांच में जुटी
गोमिया। गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी उच्च विद्यालय से पढ़ाई कर घर लौट रही कक्षा नौवीं की एक छात्रा के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार की बताई जा रही है। आरोप है कि चतरोचट्टी थाना के पीछे स्थित बाइपास रोड पर चार से पांच युवकों ने छात्रा को रोककर उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, बड़की सीधाबारा गांव की रहने वाली छात्रा सोमवार को चतरोचट्टी उच्च विद्यालय से छुट्टी होने के बाद अपनी एक सहेली के साथ घर लौट रही थी। दोनों चतरोचट्टी थाना के पीछे से गुजरने वाली बाइपास सड़क से जा रही थीं। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने छात्रा की सहेली को डराया-धमकाया और उसे घर जाने के लिए कह दिया। सहेली के वहां से चले जाने के बाद युवकों ने कथित तौर पर अकेली छात्रा के साथ मारपीट की।
घटना में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जाता है कि घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल छात्रा को इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल सेंटर पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। इसके बाद छात्रा ने चतरोचट्टी थाने में लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की।
वर्तमान में घायल छात्रा का ईलाज गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चल रहा है।

ससुराल पक्ष पर जताया संदेह
बताया जाता है कि छात्रा नाबालिग और शादीशुदा है। उसने इस घटना में अपने ससुराल पक्ष के लोगों की संलिप्तता होने का संदेह जताया है। मारपीट के पीछे का वास्तविक कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में चतरोचट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर ने बताया कि घटना को लेकर लिखित सूचना प्राप्त हुई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल मारपीट की पुष्टि नहीं हो सकी है। छात्रा शादीसुदा है और दोनों पक्षों ने सुलह भी कर लिया है फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छात्रा के साथ मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।















