गोमिया: ललपनिया ओपी क्षेत्र के कोदवाटांड़ निवासी 17 वर्षीय सुनील कुमार की शिकायत पर महुआटांड़ (ललपनिया ओपी) थाना में चार आरोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमला, मारपीट और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना 5 जुलाई की रात लगभग 9 बजे की है। सुनील कुमार अपने साथी आकाश कुमार और बादल कुमार के साथ बिरसा मुंडा चौक के समीप मौजूद थे। इसी दौरान तपन, दिलीप करमाली तथा दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे और तीनों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी तपन ने रिवॉल्वर निकालकर उसकी कनपटी पर सटा दी और जान से मारने का प्रयास किया। इस अप्रत्याशित हमले से तीनों युवक घबरा गए। किसी तरह मौके का फायदा उठाकर वे वहां से भाग निकले और अपनी जान बचाई। घटना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर महुआटांड़ (ललपनिया ओपी) थाना में कांड संख्या 29/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
कांड का अनुसंधान ललपनिया ओपी प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक जयप्रकाश एक्का स्वयं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम का सत्यापन कर आरोपियों के विरुद्ध सशक्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।














