गोमिया। गोमिया प्रखंड के बड़की सीधाबारा पंचायत अंतर्गत मुरपा और रोला गांव के ग्रामीणों ने लंबे समय से लंबित रोला-एदला-हरली मुख्य सड़क के निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है।

उप मुखिया रामेश्वर महतो के अनुसार, रोला से एदला होते हुए हरली तक जाने वाली सड़क क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क का निर्माण हो जाने से बड़की सीधाबारा पंचायत के अलावा आसपास के गांवों के लोगों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में सड़क की स्थिति और संपर्क मार्ग के अभाव के कारण ग्रामीणों को चतरोचट्टी-तिसकोपी-झुमरा पहाड़ तथा दूसरे रास्तों से होकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब साढ़े चार से पांच किलोमीटर सड़क का निर्माण हो जाने से क्षेत्र के लोगों की कई वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सकता है। वर्तमान में पुरनापानी, पचमो, हुरदाग, केदला 03, रांची, रामगढ़ तथा अन्य प्रमुख स्थानों तक जाने के लिए ग्रामीणों को अतिरिक्त करीब 20 से 25 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। इससे न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि ग्रामीणों को अतिरिक्त आर्थिक खर्च भी उठाना पड़ता है।
शिक्षक अनिल महतो ने कहा कि रोला-एदला-हरली सड़क का निर्माण वर्षों से लंबित है। क्षेत्र के लोगों के लिए यह सड़क केवल आवागमन का मार्ग नहीं, बल्कि आसपास के गांवों को मुख्य मार्गों और प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। यह सड़क पूर्ण रूप से कचिया है और बरसात के दिनों में काफी कठिनाई होती है यदि सड़क का निर्माण हो जाता है तो ग्रामीणों को रांची और रामगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में आने-जाने के लिए वर्तमान में तय की जाने वाली अतिरिक्त दूरी से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण होने से विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों, मरीजों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को विशेष लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल, स्कूल-कॉलेज और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में भी सुविधा होगी। इसके अलावा सड़क बनने से क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या और गंभीर हो जाती है। खराब संपर्क मार्ग के कारण ग्रामीणों को कई बार वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण की आवश्यकता से संबंधित समस्या लंबे समय से प्रशासन और संबंधित विभाग के संज्ञान में है, इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि रोला-एदला-हरली मुख्य सड़क का स्थल निरीक्षण कर जल्द से जल्द निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण होने से बड़की सीधाबारा पंचायत के मुरपा और रोला सहित आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
इस मौके पर कैलाश महतो, तुकामन महतो, रामा अगरिया, अर्जुन भोक्ता, मनोज महतो, हरिदयाल महतो सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सड़क निर्माण की मांग करते हुए प्रशासन से मामले में शीघ्र पहल करने की अपील की।














