गोमिया। महुआटांड़ थाना पुलिस ने बुधवार रात्री गश्ती के दौरान चोरी के केबल तार से लदे एक ऑटो को जब्त किया है। हालांकि पुलिस को देखते ही चालक समेत ऑटो में सवार 4-5 लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से ऑटो, 35 पीस कटा हुआ तांबे का केबल तार, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड बरामद कर प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार महुआटांड़ थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक सुकूल कुमार 22 जुलाई बुधवार की रात करीब 10 बजे सशस्त्र बल के जवानों एवं चालक के साथ नियमित रात्रि गश्ती पर निकले थे। क्षेत्र भ्रमण के दौरान रात करीब 1:05 बजे डकैत मोड़ के पास चैनपुर मोड़ की ओर से एक हरे रंग का संदिग्ध ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ऑटो को तेज गति से भगाते हुए होन्हे गांव की ओर भाग निकला।
इसी बीच कुछ दिन पूर्व होन्हे गांव में हुई चोरी की घटना को देखते हुए गांव में रात्रि पहरा दे रहे ग्रामीणों को सूचना देकर ऑटो रोकने का प्रयास किया गया। होन्हे चौक पहुंचने से पहले ही चालक ने ऑटो रोक दिया, जिसके बाद उसमें सवार 4-5 लोग अंधेरे का लाभ उठाकर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
पुलिस एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में ऑटो की तलाशी लेने पर पीछे की सीट के नीचे लगभग ढाई से तीन फीट लंबाई के कटा हुआ तांबे के 35 पीस काले रंग के केबल तार छिपाकर रखे मिले, जो चोरी के थे। वहीं ऑटो के बॉक्स से मो. रज्जाक अंसारी निवासी पलानी मुस्लिम टोला, थाना पतरातू, जिला रामगढ़ का आधार कार्ड एवं पैन कार्ड भी बरामद हुआ।
पुलिस ने जब्ती सूची तैयार कर ऑटो (निबंधन संख्या JH24P-4399), 35 पीस केबल तार, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड जब्त कर लिया है। बाद में वाहन का विभागीय सत्यापन कराया गया, जिसमें ऑटो रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र निवासी मो. रज्जाक अंसारी के नाम से निबंधित पाया गया।
पुलिस का कहना है कि चोरी करना, चोरी का सामान रखना तथा उसका परिवहन करना दंडनीय अपराध है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद केबल तार किस स्थान से चोरी किए गए थे तथा इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन-कौन हैं।












