गोमिया। गोमिया प्रखंड के स्वांग स्थित पीओ ऑफिस के समीप दुर्गा मंदिर के प्रांगण में रविवार को स्वांग कोलियरी, स्वांग वाशरी और पिपराडीह के विस्थापितों एवं स्थानीय ग्रामीणों के हक और अधिकार को लेकर बैठक की गई। इसकी अध्यक्षता कोपेश्वर यादव जबकि संचालन विनोद यादव ने किया। इस दौरान विस्थापित एवं स्थानीय संघर्ष मोर्चा गोमिया कमेटी का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति से गोमिया विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान को अध्यक्ष चुना गया। कमेटी का पूर्ण विस्तार बाद में करने का निर्णय लिया गया।

मौके पर वक्ताओं ने कहा कि विस्थापन के बाद उन्हें रोजगार और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, किन्तु अब तक आपेक्षित सुविधा नहीं मिल सकी है। यहां के लोगों को रोजगार, ठेका कार्य और अन्य आर्थिक अवसरों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कहा कि क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सीसीएल प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने स्वांग लोकल सेल में हो रही धांधली पर भी विरोध जताया। वहीं उपस्थित लोगों ने भी आपसी एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया। बैठक में भारी संख्या में महिला पुरुष मौजूद थे।














