• Home
  • Crime
  • Gomia: ट्रैक्टर फाइनेंस विवाद में युवक को बंधक बनाकर मारपीट मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Gomia: ट्रैक्टर फाइनेंस विवाद में युवक को बंधक बनाकर मारपीट मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

गोमिया। गोमिया प्रखंड के कथारा ओपी क्षेत्र में ट्रैक्टर फाइनेंस के विवाद को लेकर युवक को अगवा कर दो दिनों तक बंधक बनाकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले पुलिस इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला गोमिया थाना (कथारा ओपी) कांड संख्या 63/2026, दिनांक 11 मई 2026 से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, महलीबांध निवासी अनल कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर जान मारने की नीयत से अपहरण कर बंधक बनाने, मारपीट करने, धमकी देने सहित अन्य आरोपों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

Kathara OP

ट्रैक्टर फाइनेंस को लेकर शुरू हुआ था विवाद

बताया गया कि अनल कुमार अपने मामा के घर महलीबांध में रहकर ट्रैक्टर फाइनेंस का काम करता था। इसी क्रम में खेतको निवासी कामेश्वर यादव से ट्रैक्टर फाइनेंस कराने के नाम पर करीब 26 हजार रुपये लिए गए थे। बाद में फाइनेंस कंपनी ट्रैक्टर उपलब्ध कराने के लिए तैयार हो गई, लेकिन आरोप है कि कामेश्वर यादव एवं उसके परिजन ट्रैक्टर लेने को तैयार नहीं हुए और रुपये वापस मांगने लगे।

आवेदन के अनुसार, अनल कुमार ने आरोपियों से कहा था कि फाइनेंस कंपनी से राशि वापस मिलने के बाद पैसे लौटा दिए जाएंगे। लेकिन इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

दो दिनों तक बंधक बनाकर मारपीट का आरोप

पीड़ित ने आरोप लगाया था कि 8 मई 2026 की सुबह करीब आठ बजे कामेश्वर यादव, उसके पुत्र विजय यादव, कन्हैया यादव समेत अन्य लोग उसे जबरन अपने साथ खेतको ले गए और वहां बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उसके साथ लाठी-डंडे से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था।

पीड़ित के मुताबिक, उसे रातभर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया और गमछे से गला दबाकर जान लेने का भी प्रयास किया गया। आरोपियों द्वारा कथित तौर पर उसके परिजनों से पैसे मंगाने के लिए फोन करवाया जाता था। इसी दौरान उसने अपने भाई को मैसेज कर खेतको में बंधक बनाए जाने की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद परिजनों ने कथारा ओपी पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खेतको स्थित एक घर में छापेमारी कर युवक को सकुशल बरामद किया था।

पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पूर्व में कामेश्वर यादव तथा कन्हैया यादव दोनों निवासी खेतको बखरी टोला, थाना पेटरवार, जिला बोकारो को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों को दिनांक 12.05.2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

मामले में एक अन्य आरोपी विजय कुमार यादव उर्फ विजय यादव फरार चल रहा था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी।

गुप्त सूचना पर तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी

ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर फरार आरोपी विजय कुमार यादव उर्फ विजय यादव को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार यादव उर्फ विजय यादव, ग्राम खेतको बखरी टोला, थाना पेटरवार, जिला बोकारो के रूप में हुई है।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विजय कुमार यादव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पेटरवार थाना में वर्ष 2020 में कांड संख्या 204/2020 के तहत धारा 323, 324, 325, 341, 342, 307, 379 एवं 34 भादवि के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा पेटरवार थाना कांड संख्या 158/2013 में धारा 341, 323, 379 एवं 34 भादवि के तहत भी मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

वर्तमान मामले में भी उसका नाम गोमिया थाना (कथारा ओपी) कांड संख्या 63/2026, दिनांक 11 मई 2026 में दर्ज है। पुलिस ने मामले में धारा 115(2), 126(2), 127(2), 140(1), 140(2), 352, 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अनुसंधान जारी रखा है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए की गई कार्रवाई में कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम, पुलिस अवर निरीक्षक रवि चौरसिया तथा बोकारो जिला कथारा ओपी रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान जारी है तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Releated Posts

Gomia: रहावन से लापता महिला रांची से बरामद, आरोपित देवर सत्येन्द्र महतो गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

पति की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई गोमिया।…

ByByadmin अक्टूबर 16, 2026

Bokaro: बेरमो अनुमंडल में पुलिस का समकालीन अभियान, 14 वारंटी गिरफ्तार, 19 वारंटों का निष्पादन

48 छापामारी दलों में 159 पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल, 99 स्थानों पर की गई छापेमारी बोकारो। बोकारो…

ByByadmin अक्टूबर 14, 2026

Gomia: स्कूल से घर लौट रही नौवीं की छात्रा को 4-5 युवकों ने पीटा, गंभीर रूप से घायल

चतरोचट्टी थाना के पीछे बाइपास रोड पर हुई घटना, छात्रा ने ससुराल पक्ष पर जताया संदेह; पुलिस जांच…

ByByadmin अक्टूबर 13, 2026

Gomia: दुर्गापूजा में मिठाइयों की गुणवत्ता पर उठे सवाल, गोमिया में खाद्य सुरक्षा जांच की मांग

मिलावटी मिठाइयों और खराब खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने की जरूरत, त्योहार के दौरान विभागीय सक्रियता…

ByByadmin अक्टूबर 13, 2026

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top