गोमिया। बेरमो अनुमंडल के जागेश्वर बिहार थाना क्षेत्र में ट्रैक्टरों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों द्वारा पकडे गये दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर मेडिकल उपरांत तेनुघाट जेल भेज दिया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी की गई पांच बैटरियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में तेनुघाट जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 8-9 सितंबर 2026 की रात तिलैया पंचायत के तिलैया एवं डाकासाड़म गांव में अज्ञात चोरों ने पांच ट्रैक्टरों से बैटरियां चोरी कर ली थीं। घटना के बाद ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाते हुए मंगलवार रात ट्रैक्टर से बैटरी खोल रहे दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों को बंधक बनाकर पूछताछ की, जिसमें वे बार-बार अपना पता बदलकर बताते रहे। इससे ग्रामीणों का संदेह और गहरा गया। बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना जागेश्वर बिहार थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को कब्जे में लेकर थाने ले गई। इसके बाद बुधवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के आदेश एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोला चौक विष्णुगढ़ निवासी सक्षम कुमार (20 वर्ष) तथा हुआग (बलसगरा), थाना मांडू निवासी अमन कुमार रजक (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर ट्रैक्टरों से चोरी की गई पांच बैटरियां बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से पल्सर मोटरसाइकिल (JH02-4062), दो स्मार्टफोन, हेक्सा ब्लेड सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

एक माह से बढ़ी थी चोरी की घटनाएं
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले करीब एक माह से चोरी की घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई थी। चोर मुख्य रूप से रात के समय घरों के बाहर खड़े ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों को निशाना बनाकर बैटरियां चोरी कर रहे थे। इसके अलावा बंद मकानों में भी चोरी की घटनाएं सामने आई थीं।
ग्रामीण गणेश प्रजापति, छोटू प्रजापति आदि ने बताया कि चोरों की गतिविधियों से लोग काफी परेशान थे। दो संदिग्धों के पकड़े जाने और पांच बैटरियों की बरामदगी से ग्रामीणों को उम्मीद है कि क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

31 अगस्त की रात कई घरों में हुई थी चोरी
ग्रामीणों के अनुसार, 31 अगस्त की रात भी तिलैया और डाकासाड़म क्षेत्र में कई घरों को चोरों ने निशाना बनाया था। चोरों ने घरों के दरवाजों के ताले तोड़कर सामान खंगाला था। कन्हैया प्रजापति के घर से महिला स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) का करीब 87 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई थी। घटना के समय उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। बताया गया कि चोरों ने आसपास के कुछ घरों के बाहर से कुंडी लगाकर रस्सी बांध दी थी, ताकि घर के लोग बाहर नहीं निकल सकें। वहीं यशोदा देवी, पति भीम प्रजापति के घर से चांदी की सिकड़ी और सोने की नाक की बाली चोरी होने की बात सामने आई थी। घटना के समय यशोदा देवी अपने बड़े बेटे के घर में सोई हुई थीं।
इसके अलावा डाकासाड़म के तिलशंकर अगरिया एवं गौरी शंकर अगरिया तथा तिलैया के अशोक महतो एवं कामेश्वर महतो के घर और होटल में भी चोरों द्वारा ताले तोड़कर सामान खंगालने की बात सामने आई थी। ग्रामीणों ने बताया था कि चोर घर में रखी देशी शराब पीकर भी फरार हुए थे।
बुधवार रात भी चोरी का असफल प्रयास
ग्रामीणों के अनुसार बुधवार की देर रात भी अज्ञात चोरों द्वारा चोरी का सफल प्रयास किया गया बीती रात डाका साड़म निवासी पूरण मांझी के आवास में अज्ञात चोरों ने धावा बोला हालांकि गनीमत रही की लोग जगे हुए थे और हो हल्ला के बाद उक्त चोर भाग गये। पूरण मांझी ने बताया कि चोर उनके घर में दरवाजा खोलकर प्रवेश हुए थे लियन उनकी मां जगी हुई थी जब उसने चोर-चोर चिल्लाना शुरू किया तो चोर मौके से फरार हो गये। उन्होंने बताया कि घटना की सुचना पुलिस को नहीं दिया है।
पुलिस ने शुरू की आगे की जांच
थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान के आधार पर क्षेत्र में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का भी सुराग मिलने की संभावना है।
छापामारी टीम में थाना प्रभारी प्रकाश यादव, पुलिस अवर निरीक्षक सुरेश पाहन, सहायक अवर निरीक्षक राकेश बंडो, सहायक अवर निरीक्षक परवेज अशरफ, जैप बल के आरक्षी 648 वशी अहमद खां तथा आरक्षी 640 संजय शिवचरण हेम्ब्रम शामिल थे।















