गोमिया। गोमिया रेलवे क्रासिंग स्थित निर्माणाधीन ओवरब्रिज साइट पर मंगलवार की रात गाड़ी की बैटरी चोरी करने का प्रयास कर रहे एक युवक को साइट पर तैनात चौकीदारों ने पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए युवक की पहचान गोमिया के लटकुट्टा निवासी आकाश के रूप में बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात दो युवक गोमिया रेलवे क्रासिंग के समीप ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान वे साइट पर खड़ी गाड़ी की बैटरी निकालकर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। साइट पर तैनात चौकीदारों की नजर उन पर पड़ गई। चौकीदारों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पकड़े गए युवक को चौकीदारों ने रस्सी से बांधकर घटना की सूचना आईईएल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित पूछताछ के लिए अपने साथ थाना ले गए।
पहले भी चोरी के प्रयास में पकड़े जाने का दावा
ओवरब्रिज साइट के इंचार्ज ऋषि सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक इससे पहले भी साइट पर चोरी करते हुए पकड़ा जा चुका है। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात भी वह अपने एक साथी के साथ गाड़ी की बैटरी चोरी करने का प्रयास कर रहा था। घटना को लेकर बुधवार सुबह पुलिस को लिखित आवेदन देने की बात साइट इंचार्ज ने कही है।
फिलहाल पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
गोमिया रेलवे क्रासिंग, गोमिया ओवरब्रिज, बैटरी चोरी, बैटरी चोरी करते युवक धराया, आईईएल थाना, गोमिया समाचार, गोमिया चोरी की घटना, लटकुट्टा युवक, रेलवे ओवरब्रिज साइट चोरी

















