प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भी जलमग्न, कर्मचारियों और ग्रामीणों को आवागमन में हुई परेशानी

गोमिया। गोमिया प्रखंड में सोमवार की सुबह से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश के चलते गोमिया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर के साथ-साथ झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के 33/11 केवी गोमिया विद्युत सब स्टेशन परिसर में भी भारी जलजमाव हो गया। सब स्टेशन परिसर में पानी भर जाने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति को तत्काल बंद कर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप सब स्टेशन से जुड़े पांच फीडरों से आपूर्ति पाने वाले सैकड़ों गांवों में बिजली गुल हो गई और पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया।

सोमवार को सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण गोमिया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का ग्राउंड फ्लोर, मुख्य प्रवेश द्वार और बरामदा भी पानी से घिर गया। कार्यालय परिसर में पानी जमा रहने के कारण विभिन्न कार्यों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को कार्यालय के अंदर जाने और बाहर निकलने के लिए पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।

इसी तरह गोमिया विद्युत सब स्टेशन की स्थिति भी काफी खराब रही। सब स्टेशन के मुख्य द्वार से लेकर पूरे परिसर के आसपास पानी जमा हो गया था। बिजली विभाग के कर्मियों को भी कार्यालय एवं विद्युत उपकरणों तक पहुंचने के लिए जलजमाव के बीच से होकर आवागमन करना पड़ा।
सुरक्षा के मद्देनजर बंद की गई बिजली आपूर्ति
बताया गया कि लगातार बारिश के कारण विद्युत सब स्टेशन के पावर हाउस, स्विच यार्ड, विभिन्न मशीनों, ट्रांसफार्मर तथा अन्य महत्वपूर्ण विद्युत उपकरणों के आसपास पानी जमा हो गया। ऐसी स्थिति में विद्युत उपकरणों के संपर्क में पानी आने से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए पावर हाउस में आने वाली बिजली लाइन का आइसोलेटर खोल दिया गया। इसके बाद बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी गई।

बिजली आपूर्ति बंद किए जाने का सीधा असर गोमिया प्रखंड के बड़े हिस्से पर पड़ा। सब स्टेशन से जुड़े 33 केवी कंजकिरो, 33 केवी आईईएल, 11 केवी गोमिया, 11 केवी नेरकी रूरल एवं अर्बन तथा 11 केवी आईईएल फीडर की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। इन फीडरों से जुड़े सैकड़ों गांवों में सोमवार को बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पानी कम होने के बाद बहाल होगी बिजली
विद्युत विभाग के कर्मियों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण सब स्टेशन परिसर में पानी का स्तर बढ़ गया है। पावर हाउस और विद्युत उपकरणों के आसपास पानी जमा रहने तक बिजली आपूर्ति चालू करना जोखिमपूर्ण हो सकता है। विभाग की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जैसे ही जलस्तर कम होगा और विद्युत उपकरणों के आसपास जमा पानी सुरक्षित स्तर तक नीचे आएगा, जांच के बाद बिजली लाइनों को पुनः जोड़े जाने की बात कही गई है।

बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बाधित रहने से घरेलू उपभोक्ताओं के अलावा छोटे-बड़े व्यवसायों, आटा चक्की तथा अन्य बिजली आधारित कारोबार पर भी असर पड़ने की संभावना है। बारिश के बीच बिजली गुल रहने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
जल निकासी की व्यवस्था में जुटा प्रशासन
गोमिया बीडीओ महादेव महतो ने बताया कि अत्यधिक बारिश के कारण प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। पानी की निकासी के लिए नालियों की सफाई कराई जा रही है और जल्द से जल्द जल निकासी का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, विद्युत सब स्टेशन में पानी निकासी तथा बिजली आपूर्ति बहाल होने की स्थिति को लेकर सहायक विद्युत अभियंता राजेश बिरुआ से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन का जवाब नहीं दिया। इसके कारण बिजली आपूर्ति कब तक सामान्य होगी, इसकी विभागीय स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
लगातार बारिश के कारण गोमिया में एक ओर जहां सरकारी कार्यालय और विद्युत प्रतिष्ठान जलजमाव की समस्या से जूझते नजर आए, वहीं दूसरी ओर बिजली आपूर्ति बाधित होने से सैकड़ों गांवों के उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भारी बारिश के दौरान सरकारी कार्यालयों और विद्युत सब स्टेशन में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
Rainwater floods Gomia power substation, causing hours of power outage in hundreds of villages connected to five feeders














