• Home
  • Crime
  • घरवाटांड़ की नवविवाहिता पिंकी आत्महत्या मामला: पति संतोष यादव गिरफ्तार, एसआईटी ने रांची से दबोचा, भेजा गया जेल

घरवाटांड़ की नवविवाहिता पिंकी आत्महत्या मामला: पति संतोष यादव गिरफ्तार, एसआईटी ने रांची से दबोचा, भेजा गया जेल

गिरफ्तारी से पूर्व संतोष ने एक वीडियो जारी कर अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया

Santosh Yadav

गोमिया। बेरमो अनुमंडल अंतर्गत तेनुघाट ओपी क्षेत्र के घरवाटांड़ गांव की नवविवाहिता पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं मृतका के पति संतोष यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी से पहले संतोष यादव ने एक वीडियो जारी कर अपने ऊपर लगे दहेज प्रताड़ना के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए उल्टे अपनी पत्नी के मायके वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस ने प्राथमिकी में दर्ज आरोपों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे रांची क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

एसआईटी के गठन के बाद हुई गिरफ्तारी

बेरमो एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम में जरीडीह थाना के इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो तथा गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो शामिल थे। तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसके बाद संतोष यादव को रांची से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Pinki Kumari

दो माह पहले हुई थी शादी, मायके में फांसी लगाकर दी जान

गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को तेनुघाट ओपी क्षेत्र के घरवाटांड़ निवासी नेमचंद यादव की पुत्री पिंकी कुमारी ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पिंकी की शादी इसी वर्ष 29 अप्रैल को गोमिया के पड़रिया बस्ती निवासी संतोष यादव के साथ हुई थी। विवाह के दो महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि उसकी मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।

शव रखकर किया था सड़क जाम

आत्महत्या की घटना के अगले दिन मृतका के परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा था। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोमिया पोस्ट ऑफिस मोड़ (गोमिया चौक) पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया था। कई घंटों तक चले इस प्रदर्शन के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, आईईएल थाना प्रभारी श्यामलाल मंडल, तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो तथा कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने परिजनों को शीघ्र कार्रवाई का भरोसा देकर जाम समाप्त कराया था।

दहेज प्रताड़ना और मारपीट का आरोप

मृतका के भाई सुधीर यादव ने तेनुघाट ओपी में दर्ज प्राथमिकी में पति संतोष यादव, ससुर, सास तथा भैंसुर को नामजद आरोपी बनाया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही पिंकी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। 23 जून को ससुराल लौटने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने का भी प्रयास किया गया। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।

मृतका के चाचा दुलारचंद यादव ने भी ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो पिंकी की जान बच सकती थी।

गिरफ्तारी से पहले वीडियो जारी कर दी सफाई

गिरफ्तारी से पहले आरोपी संतोष यादव ने एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया। वीडियो में उसने कहा कि उसके खिलाफ लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोप पूरी तरह झूठे हैं। उसने दावा किया कि उसने हाल ही में अपनी पत्नी के बैंक खाते में चार से पांच लाख रुपये भेजे थे, ऐसे में दहेज मांगने का आरोप निराधार है। संतोष ने अपनी पत्नी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस

हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच केवल प्राथमिकी के आरोपों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उपलब्ध साक्ष्यों, तकनीकी तथ्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बैंक लेन-देन, कॉल डिटेल और अन्य सबूतों के आधार पर सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब सभी की नजर पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई है।

Releated Posts

Gomia: गोमिया में व्यवसायी से 99 हजार रुपये की साइबर ठगी, बिजली विभाग का अधिकारी बनकर ठगों ने दिया वारदात को अंजाम

गोमिया। आईईएल थाना क्षेत्र के गवर्नमेंट कॉलोनी निवासी एवं आईईएल शिव मंदिर के समीप रिचार्ज व आइसक्रीम दुकान…

ByByadmin अगस्त 22, 2026

Gomia: तिरंगे के सम्मान में हुई चुक, भड़के ग्रामीण, 16 अगस्त की शाम को उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिदरी में उतारा गया राष्ट्रीय ध्वज, ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई की मांग की

गोमिया। गोमिया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिदरी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर फहराए गए राष्ट्रीय ध्वज…

ByByadmin अगस्त 16, 2026

Gomia: गोमिया रेलवे ओवरब्रिज साइट से बैटरी चोरी करते युवक धराया, एक फरार

गोमिया। गोमिया रेलवे क्रासिंग स्थित निर्माणाधीन ओवरब्रिज साइट पर मंगलवार की रात गाड़ी की बैटरी चोरी करने का…

ByByadmin अगस्त 11, 2026

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top