इंडियन कोबरा ने पेनाल्टी शूटआउट में एनएफसी नरकंडी को हराया, 15 अगस्त को खेला जाएगा टूर्नामेंट का फाइनल

गोमिया। गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटकी सीधाबारा फुटबॉल मैदान में स्व. भुनेश्वर महतो मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का मंगलवार को शानदार आगाज हुआ। टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 15 अगस्त को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट के तहत मंगलवार को इंडियन कोबरा और एनएफसी नरकंडी की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देती रहीं और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद विजेता का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से किया गया, जिसमें इंडियन कोबरा ने एक गोल से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
मुखिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया उद्घाटन
मैच का उद्घाटन बड़कीसीधाबारा पंचायत के मुखिया रीतलाल महतो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि स्व. भुनेश्वर महतो मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र के युवाओं और खेलप्रेमियों में काफी उत्साह है। इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
मुखिया ने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई देते हुए खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
15 अगस्त को होगा फाइनल मुकाबला
खेल समिति के सदस्य रघुनंदन महतो ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें भाग ले रही हैं। विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे और 15 अगस्त को टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।
मौके पर मतीश चंद्र पटेल, मनोज कुमार महतो, सलमान अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

















