गोमिया: गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़की सीधावारा पंचायत के रहने वाले प्रवासी मजदूर मनोज कुमार महतो (42 वर्ष) की अबू धाबी (दुबई) में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत मामले में सोमवार को डुमरी विधायक जयराम महतो शोक संतप्त परिवार से मिले और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। मनोज महतो सैम बिल्डिंग कंक्रीटिंग प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे और रोजगार के लिए इसी साल 8 मार्च को विदेश गए थे।

परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतक की पत्नी कौशल्या देवी और अन्य परिजनों का आरोप है कि मनोज को वहां न केवल खाने-पीने की दिक्कतें दी जा रही थीं, बल्कि काम न करने पर उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना भी की जाती थी। परिजनों के अनुसार, बीते शुक्रवार को उनके साथ हुई मारपीट के कारण ही उनकी जान गई है।
विधायक का आश्वासन और पहल
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी विधायक जयराम महतो पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और विश्वास दिलाया कि वे शव को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए राज्य सरकार और भारतीय दूतावास के साथ बातचीत करेंगे। और यदि कुछ संदिग्ध भि है तो उसकी जांच कराएंगे। जयराम महतो पहले भी सदन में प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और उनके पार्थिव शरीर को सम्मान पूर्वक घर लाने के मुद्दे उठाते रहे हैं।
पलायन का बढ़ता दर्द
विधायक सहित बड़की सीधाबारा पंचायत के मुखिया रीतलाल महतो, चतरोचट्टी पंचायत के मुखिया महादेव महतो सहित स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उनका कहना है कि गोमिया प्रखंड से बड़ी संख्या में लोग मजबूरी में विदेश जाते हैं, जहाँ अक्सर वे शोषण का शिकार होते हैं। उन्होंने सरकार से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की मांग की है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

















