गोमिया: गोमिया थाना क्षेत्र में नाबालिग से यौन शोषण के मामले में गोमिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुफस्सिल थाना (हजारीबाग) बनाहप्पा निवासी आरोपी युवक ऋषि कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता के परिजनों द्वारा गोमिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोपी पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया। मामला दर्ज होते ही गोमिया पुलिस तत्काल हरकत में आई और छापेमारी कर आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल महतो ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें संशोधित पॉक्सो एक्ट भी शामिल है। मेडिकल जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।














