फुसरो: 14-20 अप्रैल तक चलने वाली राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को अग्निशमन विभाग द्वारा विभिन्न स्कूलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और मॉलों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में अग्निशमन अधिकारी तेनुघाट अखिलेश्वर पासवान के नेतृत्व में अग्निशमन दल ने कारमेल स्कूल करगली में जाकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और मॉल कर्मियों को अग्निकांड से बचाव के उपाय सिखाए।

मॉक ड्रिल के जरिए दी गई ट्रेनिंग
अग्निशमन पदाधिकारी अखिलेश्वर ने बताया कि इस वर्ष का मुख्य विषय “सेफ स्कूल, सेफ हॉस्पिटल, फायर सेफ्टी अवेयर सोसायटी” है। इसी थीम के तहत स्कूलों और भीड़भाड़ वाले मॉल में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। टीम ने आग लगने की स्थिति में सबसे पहले फायर ब्रिगेड (101) को सूचित करने, धुएं से बचने और बिल्डिंग से सुरक्षित बाहर निकलने का तरीका बताया।

लाइव डेमो में सिखाए गुर
अग्निशमन चालक राजेश उम्र बरनवाल ने अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher) के उपयोग का लाइव डेमो दिया। उन्होंने बताया कि ‘PASS’ तकनीक (Pull-खींचना, Aim-निशाना, Squeeze-दबाना, Sweep-घुमाना) का उपयोग कैसे करें। साथ ही, गैस सिलेंडर में आग लगने पर उसे कैसे बुझाएं और शॉर्ट सर्किट से कैसे बचें, इसके व्यावहारिक गुर सिखाए गए।
पदाधिकारी ने की सतर्कता की अपील
अग्निशमन पदाधिकारी अखिलेश्वर ने कहा कि छोटी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा, “स्कूलों और मॉल में फायर एग्जिट (निकासी द्वार) हमेशा खुले होने चाहिए और अग्नि सुरक्षा उपकरण हमेशा चालू हालत में रहने चाहिए।” उन्होंने नागरिकों से फायर सेफ्टी नियमों का पालन करने की अपील की।














