
बोकारो: बोकारो जिले के गोमिया में शुक्रवार देर रात ट्रैक्टर से टकराने के हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। घटना भले ही दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में घटी है लेकिन घटना में शामिल ट्रैक्टर एक ही है जिससे टकराकर तीनों की जान गई है।
पहली घटना गोमिया थाना क्षेत्र के तुलबुल गांव की है, जिसमें बाइक में सवार एक युवक चंद्रकिशोर प्रसाद की मौत हुई है,स्थानीय लोगों का कहना था कि अवैध बालू लेकर ट्रैक्टर तेज गति से ललपनिया की ओर जा रही थी इसी दौरान तुलबुल खिजुरिया टांड़ के समीप ट्रैक्टर की लापरवाही से चंद्रकिशोर प्रसाद की बाइक ट्रैक्टर में पीछे से टकरा गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जिसके बाद चालक ट्रैक्टर को तेजगति से लेकर फरार हो गया।
जिसके बाद दूसरी घटना भी ठीक उसी तरह उसी ट्रैक्टर के साथ ललपनिया में घटी, जब पहली घटना होने के बाद तेज गति से भाग रहा ट्रैक्टर एकाएक सड़क पर ब्रेकडाउन होकर अचानक रुक गया और पीछे से आ रही पल्सर बाइक ट्रॉली से जोरदार तरीके से टकरा गई। पल्सर में तुलबुल गांव के दो युवक कृष्ण मुर्मू और उमेश किस्कू सवार थे, दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जिसके बाद आनन फानन में चालक बालू लदी ट्रॉली को वहीं छोड़ ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
दोनों घटना बीती रात की है, जहां पहली घटना में जान गवाने वाले चंद्रकिशोर प्रसाद का शव गोमिया थाना उठा लिया है वहीं ललपनिया थाना क्षेत्र में घटी दूसरी घटना में जान गवाने वाले दोनों युवकों के परिजन ने शव उठाने से इनकार कर दिया। रात भर दोनों युवकों का शव बीच सड़क पड़ा रहा, घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने ललपनिया-गोमिया मुख्य सड़क को जाम कर दिया था, जिसे पुलिस प्रशासन ने बड़ी समझाइश के बाद जाम मुक्त किया।

इधर सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता विभागके मंत्री योगेंद्र प्रसाद सड़क हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। मंत्री योगेंद्र ने कहा कि यह क्षति अत्यंत पीड़ादायक एवं अपूरणीय है। विकट घड़ी में भी वे मृतकों के परिजनों के साथ खड़े रहेंगे, उन्हें सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिया है।














