
गोमिया: गोमिया में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति अपने ही बड़े भाई (भैसुर) की साली के साथ फरार हो गया। इस घटना के बाद पीड़ित पत्नी ने स्थानीय गोमिया थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए पति के खिलाफ लिखित आवेदन दिया है।
घटना का विवरण:
मिली जानकारी के अनुसार स्वांग पुराना माइनस निवासी आरोपी पति राजू कुमार का अपने बड़े भाई की साली के साथ पिछले कुछ समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। घर वालों को इसकी भनक तक नहीं थी। 22 मार्च को आरोपी पति घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला और अचानक गायब हो गया। जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तो पता चला कि भैसुर की साली भी अपने घर से लापता है।
पत्नी का आरोप:
पीड़ित पत्नी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसका पति उसे और उसके बच्चों को बेसहारा छोड़कर भाग गया है। पत्नी का आरोप है कि उसका पति बीते कुछ वर्षों से दहेज के रूप में 50 हजार नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। मांगे नहीं मानने पर मारपीट और दूसरी शादी करने की धमकी देता रहता था। बाद में पता चला की उसकी रिश्ते में लगने वाली साली के बीच लंबे समय से बातचीत हो रही थी और 22 मार्च को उसी के साथ कहीं चला गया है जिसके बाद वह घर नहीं लौटा।
पुलिस की कार्रवाई:
थाना प्रभारी रवि कुमार मेहता ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित महिला की शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और दोनों के मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को बरामद कर लिया जाएगा और कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से गांव और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग पारिवारिक रिश्तों में आई इस गिरावट को लेकर हैरान हैं














