
गोमिया: गोमिया प्रखंड क्षेत्र के लोधी पंचायत अंतर्गत पेजुआ गांव में देर शाम हुई बारिश के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक किसान चिंतामन महतो के मचान पर बिजली गिरने से भीषण आग लग गई, जिसमें रखा सारा पुआल जलकर राख हो गया।
क्या है मामला:
चिंतामन महतो से मिली जानकारी के अनुसार बजरंगबली मंदिर के पास बने मचान पर जानवरों के चारे के लिए पुआल (परावट) का भंडारण कर रखा था। शुक्रवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हुई। इसी बीच मचान पर तेज कड़क के साथ बिजली गिर गई।

मची अफरा-तफरी:
आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, लपटों ने पूरे मचान को घेर लिया। रात और अंधेरा होने के कारण अपर्याप्त संसाधनों के बावजूद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत की लेकिन तब तक साल भर के चारे के लिए रखा गया पुआल पूरी तरह जल चुका था।
किसान का नुकसान:
पीड़ित किसान की पत्नी खेमिया देवी ने बताया कि इस हादसे में उसे हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पशुओं के लिए रखे चारे के जल जाने से अब उनके सामने चारे का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से प्रभावित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है।















