गोमिया: गोमिया प्रखंड के करमटिया गांव में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। गांव का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ था। लगातार बिजली नहीं रहने से पेयजल, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री सह गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद ने मामले में तुरंत संज्ञान लिया। मंत्री के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान शनिवार को करमटिया गांव पहुंचे और वहां 200 केवीए के नये ट्रांसफार्मर का उद्घाटन किया।
इस दौरान ग्रामीणों ने विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान का फूल-माला पहनाकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया और बिजली बहाल होने पर खुशी जाहिर की। प्रतिनिधि अमित ने कहा कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद क्षेत्र के विकास के प्रति गंभीर हैं प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्यों को गति दिया जा रहा है वहीं ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से बिजली नहीं रहने के कारण काफी परेशानियां हो रही थीं, लेकिन अब नया ट्रांसफार्मर लगने से बड़ी राहत मिली है।
नये ट्रांसफार्मर के चालू होते ही गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे पूरे गांव में हर्ष का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मंत्री योगेंद्र प्रसाद और विधायक प्रतिनिधि अमित पासवान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर पहल होने से गांव को बड़ी राहत मिली है।
इस मौके पर राजकुमार रविदास, मेघु रविदास, जितेंद्र चौहान, विजय चौहान, लक्ष्मण चौहान, रवि कुमार, विकास रविदास, सुनील रविदास, चिंता देवी, मालती देवी, अनीता देवी, रंजीता देवी आदि उपस्थित रही।














